एंटरटेनमेंट डेस्क | 1 जून 2026
टीवी इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी और उनके पति विवेक दहिया के घर खुशियों ने दस्तक दी है। शादी के लगभग 10 साल बाद कपल जुड़वां बेटों के माता-पिता बने हैं। इस खुशखबरी को दोनों ने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस के साथ साझा किया।
दिव्यांका ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, “हमने भगवान से खुशियां मांगी, भगवान ने कहा दोगुनी खुशियां लो।” वहीं पोस्ट के कैप्शन में कपल ने बताया कि उनके घर जुड़वां बेटों का जन्म हुआ है और अब वे अपने जीवन के नए अध्याय पेरेंटहुड की शुरुआत कर रहे हैं।
कपल ने लिखा, “फाइनली इंतजार खत्म हुआ, हमारे घर जुड़वां बेटे आए हैं। हमने जितना सोचा था जिंदगी उससे कहीं ज्यादा खूबसूरत लग रही है। हमारे करण-अर्जुन आ गए हैं।”
दिव्यांका त्रिपाठी 41 वर्ष की उम्र में मां बनी हैं। प्रेग्नेंसी के दौरान वह सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहीं और लगातार अपनी तस्वीरें एवं वीडियो साझा करती रहीं।
कुछ समय पहले अभिनेत्री को लेकर आईवीएफ के जरिए प्रेग्नेंसी की अटकलें भी सामने आई थीं। हालांकि दिव्यांका ने इन खबरों को खारिज करते हुए कहा था कि उन्होंने नेचुरली कंसीव किया है और अफवाहों पर भरोसा नहीं किया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया की प्रेम कहानी लोकप्रिय टीवी शो ‘ये हैं मोहब्बतें’ के सेट से शुरू हुई थी। दोनों ने साल 2016 में शादी की थी और टीवी जगत के सबसे पसंदीदा कपल्स में गिने जाते हैं।
जुड़वां बेटों के जन्म की खबर सामने आने के बाद फैंस और टीवी इंडस्ट्री के कई सितारे सोशल मीडिया पर कपल को बधाई दे रहे हैं।
