बस्तर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में बोधघाट थाना पुलिस ने जगदलपुर बस स्टैंड पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी रायपुर ले जाने के लिए गांजे की खेप के साथ बस का इंतजार कर रहा था, लेकिन पुलिस ने समय रहते उसे धर दबोचा। उसके कब्जे से करीब 4.04 लाख रुपये कीमत का 8.08 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि जगदलपुर बस स्टैंड में एक व्यक्ति लाल-सफेद रंग के बैग में भारी मात्रा में गांजा लेकर संदिग्ध हालत में खड़ा है। सूचना मिलते ही बोधघाट थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया।

जब पुलिस ने बैग की तलाशी ली तो उसमें 8.08 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 4 लाख 4 हजार रुपये आंकी गई। इसके अलावा आरोपी के पास से 700 रुपये नकद भी बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान सुकड़ा धुरवा, निवासी जिला कोरापुट (ओडिशा) के रूप में बताई। पुलिस ने जब उससे गांजा रखने और परिवहन करने से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे तो वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बस्तर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे अवैध धंधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts