जगदलपुर, 27 जुलाई 2026। गौ सम्मान आह्वान अभियान के दूसरे चरण के तहत सोमवार को जगदलपुर में सनातन समाज से जुड़े लोगों ने विशाल रैली निकालकर गौ संरक्षण और गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर कलेक्टर परिसर पहुंचकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। अभियान से जुड़े पदाधिकारियों का दावा है कि बस्तर जिले से 1 लाख 25 हजार से अधिक लोगों के हस्ताक्षर इस ज्ञापन के साथ भेजे गए हैं।

अभियान के जिला प्रभारी दीपक पनपालिया ने बताया कि यह देशव्यापी, शांतिपूर्ण और गैर-राजनीतिक जनआंदोलन है, जो एक साथ देश के सैकड़ों जिलों में चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ज्ञापन के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार से गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने तथा देशभर में गौ हत्या पर समान और प्रभावी कानून लागू करने की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि अभियान का अगला चरण अक्टूबर माह में आयोजित किया जाएगा।

महापौर संजय पांडे ने कहा कि गौ सेवा और गौ संरक्षण भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने बताया कि जगदलपुर में रैली, मंत्रोच्चार और जनजागरण कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को इस अभियान से जोड़ा गया। उनका कहना था कि गौ संरक्षण और राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने की मांग को शासन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह ज्ञापन सौंपा गया है।

अभियान की सदस्य शारदा पटेल ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में इस जनअभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा मिलने से गौवंश के संरक्षण और संवर्धन को नई मजबूती मिलेगी। साथ ही उन्होंने सरकार से गौ हत्या पर प्रभावी रोक लगाने और गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में सनातन समाज के लोग, सामाजिक संगठन और अभियान से जुड़े कार्यकर्ता मौजूद रहे। रैली के दौरान श्रद्धालुओं ने गौ संरक्षण के समर्थन में नारे लगाए और शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांग प्रशासन के माध्यम से शासन तक पहुंचाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts