30june2026

अंबाला। हरियाणा के अंबाला जिले के धनौरा गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में खेल रहा करीब साढ़े तीन साल का मासूम निर्भय अचानक 220 फीट गहरे खुले बोरवेल में जा गिरा। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और तत्काल बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि निर्भय अपने चाचा के साथ खेत गया था, जहां धान की रोपाई का कार्य चल रहा था। काम के दौरान कुछ देर के लिए बच्चे पर ध्यान नहीं रहा और वह खेलते-खेलते बंद पड़े खुले बोरवेल के पास पहुंच गया। बोरवेल पर सुरक्षा के लिए ढक्कन नहीं लगा था, जिसके कारण वह उसमें गिर गया।

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और अन्य राहत दल मौके पर पहुंच गए। बाद में सेना और एनडीआरएफ की टीम ने भी मोर्चा संभाल लिया। आधुनिक मशीनों और तकनीकी उपकरणों की मदद से बच्चे तक सुरक्षित पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं और हर किसी की निगाहें बचाव दल की कार्रवाई पर टिकी हैं। प्रशासन का कहना है कि बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts