आम निवेशकों के लिए खुलेगा मौका, CSPTCL जल्द ला सकती है अपना IPO

आम निवेशकों के लिए खुलेगा मौका, CSPTCL जल्द ला सकती है अपना IPO



रायपुर, 02 जून 2026

छत्तीसगढ़ की सरकारी बिजली कंपनी छत्तीसगढ़ पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (CSPTCL) जल्द ही अपना इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) लाने की तैयारी कर रही है। आईपीओ के जरिए कंपनी आम निवेशकों से पूंजी जुटाएगी। यदि यह योजना सफल होती है, तो CSPTCL स्टॉक मार्केट में सूचीबद्ध होने वाली छत्तीसगढ़ की पहली सरकारी कंपनी बन जाएगी, जिसके शेयरों की खुले बाजार में खरीद-बिक्री की जा सकेगी।

जानकारी के मुताबिक, कंपनी के भीतर और शासन स्तर पर इस प्रस्ताव को लेकर उच्च स्तरीय चर्चा चल रही है। इससे पहले छत्तीसगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध हो चुकी है, लेकिन उसके शेयरों में कारोबार नहीं होता। कंपनी ने पूर्व में 2014-15 और 2015-16 के दौरान बॉन्ड जारी कर भी निवेशकों से पूंजी जुटाई थी।

IPO के बाद CSPTCL के शेयर बाजार में सूचीबद्ध होंगे और कंपनी के प्रदर्शन के आधार पर शेयरों की कीमत में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। इससे कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन बढ़ेगा, साथ ही उसे राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। सूचीबद्ध होने के बाद आम निवेशक भी कंपनी में हिस्सेदारी खरीद सकेंगे और लाभ होने पर डिविडेंड का फायदा उठा सकेंगे।

CSPTCL के प्रबंध निदेशक (MD) राजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि देश के कई राज्यों की सरकारी बिजली कंपनियां पहले ही IPO के जरिए पूंजी जुटा रही हैं। वहीं केंद्र सरकार की कई ऊर्जा कंपनियां भी शेयर बाजार में सूचीबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि CSPTCL के IPO को लेकर चर्चा जारी है और यह पूरी तरह शासन स्तर का विषय है।

यदि यह प्रस्ताव मंजूर होता है, तो छत्तीसगढ़ के निवेशकों को पहली बार किसी सरकारी राज्य स्तरीय पावर ट्रांसमिशन कंपनी में सीधे निवेश का अवसर मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *