बेमेतरा, 25 जुलाई। बेमेतरा जिले के थानखम्हारिया थाना क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत पदमी में शनिवार को राजस्व निपटारा शिविर के दौरान उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब खेल मैदान से अतिक्रमण नहीं हटाए जाने से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर मौजूद तहसीलदार और नायब तहसीलदार का घेराव कर उन्हें कुछ समय के लिए बंधक बना लिया। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, राजस्व विभाग की टीम ग्राम पंचायत पदमी में लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए शिविर आयोजित करने पहुंची थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण खेल मैदान पर हुए अतिक्रमण का मुद्दा लेकर अधिकारियों के सामने पहुंच गए। ग्रामीणों का आरोप था कि लंबे समय से अतिक्रमण हटाने की मांग की जा रही है, लेकिन प्रशासन केवल आश्वासन देता रहा और अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों का आक्रोश इतना बढ़ गया कि उन्होंने तहसीलदार और नायब तहसीलदार को मौके से जाने नहीं दिया। काफी देर तक दोनों अधिकारी ग्रामीणों के बीच घिरे रहे और मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी गांव पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया, जिसके बाद राजस्व अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घटना के बाद प्रशासन ने पूरे मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक इस घटना को लेकर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि खेल मैदान से अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा।




