रायपुर,21 अगस्त 2026
त्योहारों का सीजन शुरू होने से पहले ही चीनी के दाम बढ़ने लगे हैं। छत्तीसगढ़ के बाजारों में शक्कर का भाव अब 60 से 65 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। अचानक बढ़ी कीमतों से आम उपभोक्ताओं के घरेलू बजट पर असर पड़ने की आशंका है।
त्योहारों के दौरान मिठाई, बेकरी और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में चीनी की कीमत में तेजी का असर सीधे तौर पर मिठाई कारोबारियों की लागत पर पड़ सकता है। कारोबारियों के मुताबिक आने वाले दिनों में मांग बढ़ने के साथ कीमतों पर दबाव बना रह सकता है।
क्यों बढ़ रहे चीनी के दाम?
चीनी की कीमतों में तेजी के पीछे बाजार में आपूर्ति, स्टॉक की स्थिति, बढ़ती मांग और गन्ने से एथेनॉल उत्पादन जैसे कई कारण बताए जा रहे हैं। देश के कई हिस्सों में खुदरा बाजार में चीनी के दाम तेजी से बढ़ने की रिपोर्ट सामने आई है।
सरकार ने उठाया कदम
बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने के लिए केंद्र सरकार ने चीनी के स्टॉक पर सख्ती बढ़ाने के साथ बाजार में आपूर्ति बनाए रखने के लिए कदम उठाए हैं। सरकार का मकसद जमाखोरी रोकना और त्योहारी सीजन में कीमतों को नियंत्रित रखना है।
फिलहाल छत्तीसगढ़ में 60 से 65 रुपये किलो तक पहुंची चीनी की कीमत ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि सरकारी कदमों के बाद आने वाले दिनों में चीनी के दाम में राहत मिलती है या त्योहारों के दौरान कीमतें और बढ़ती हैं।



