नई दिल्ली, 27 जून 2026

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले साल यानी 2027 की शुरुआत में भारत दौरे पर आ सकते हैं। इस बात की जानकारी अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने दी। उन्होंने बताया कि ट्रंप की भारत यात्रा की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और इस दौरे को अंतिम रूप देने के लिए वह स्वयं भी भारत का दौरा करेंगे।

रूबियो ने कहा कि भारत-अमेरिका प्रस्तावित ट्रेड डील को भी जल्द अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंध पहले से अधिक मजबूत होंगे।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच करीबी और सकारात्मक व्यक्तिगत संबंधों की सराहना करते हुए कहा कि यही संबंध दोनों देशों की कूटनीतिक साझेदारी को नई मजबूती प्रदान कर रहे हैं।

रूबियो ने भारत को अमेरिका का प्रमुख रणनीतिक साझेदार बताते हुए कहा कि ऊर्जा, व्यापार और वैश्विक सुरक्षा जैसे अहम क्षेत्रों में दोनों देश मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत दुनिया के उन चुनिंदा देशों में शामिल है जो भारी कच्चे तेल (Heavy Crude) को रिफाइन करने की क्षमता रखते हैं।

गौरतलब है कि डोनाल्ड ट्रंप इससे पहले फरवरी 2020 में भारत दौरे पर आए थे। उस दौरान उन्होंने अहमदाबाद में आयोजित ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हिस्सा लिया था और नई दिल्ली में द्विपक्षीय वार्ता भी की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts