रायपुर, 10 जुलाई 2026


देवकीनंदन ठाकुर की श्रीमद्भागवत कथा के तहत 8 जुलाई को निकाली गई कलश यात्रा में चोरों ने भीड़ का फायदा उठाकर 5 महिला श्रद्धालुओं के गले से सोने की चेन पार कर दी। घटना के बाद सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित महिलाओं में ओमकुमारी वर्मा, अर्चना गुप्ता, सरस्वती अग्रवाल, लक्ष्मी यदु और बासन साहू शामिल हैं। सभी महिलाएं महामाया मंदिर से इंडोर स्टेडियम तक निकली कलश यात्रा में शामिल हुई थीं।

पीड़िता ओमकुमारी वर्मा ने बताया कि वह मोबाइल से वीडियो बना रही थीं। इसी दौरान उन्हें किसी महिला के गले के पास हाथ लगाने का एहसास हुआ। बाद में जब उन्होंने मोबाइल से फोटो देखी तो उनकी करीब 17.5 ग्राम वजन की सोने की चेन, जिसकी कीमत 2 लाख रुपये से अधिक बताई गई, गायब थी।

शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचने पर उन्हें पता चला कि कई अन्य महिलाएं भी चेन चोरी की शिकायत लेकर पहुंची थीं। पीड़िताओं ने आशंका जताई है कि भीड़ में महिला चोर गिरोह सक्रिय था, जिसने श्रद्धालुओं को निशाना बनाया।

सिटी कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर CCTV फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस संदिग्धों की पहचान करने के साथ ही अन्य शिकायतों की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts