रायपुर,3 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगमन से पहले प्रदेश की सियासत गरमा गई है। उनके दौरे को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवालों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पलटवार किया है। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए बयान पर भी निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी की बातों में अब कोई दम नहीं रह गया है और कांग्रेस समेत पूरा विपक्ष मुद्दाविहीन हो चुका है।
दिल्ली दौरे से लौटने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मीडिया से चर्चा की। इस दौरान राहुल गांधी के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विदेशी ताकतों की मदद से प्रधानमंत्री बनाए जाने का आरोप लगाया था।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राहुल गांधी की बातों में अब कोई दम नहीं रह गया है। कांग्रेस के पास जब कोई मुद्दा नहीं बचता, तो वह इस तरह की फिजूल की बातें करके देश की जनता को भड़काने का प्रयास करती है। लेकिन देश की जनता सब जानती है और अब उनकी बातों में आने वाली नहीं है।
अमित शाह के दौरे पर कांग्रेस को दिया जवाब
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे पर कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को इस तरह के सवाल पूछने का कोई अधिकार नहीं है।
सीएम साय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में नक्सलवाद के खिलाफ मजबूती से लड़ाई नहीं लड़ी गई। कांग्रेस के असहयोगात्मक रवैये के कारण छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद लंबे समय तक पनपता रहा।
CM साय ने दी दिल्ली दौरे की जानकारी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने दिल्ली दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि वे भारत मंडपम में आयोजित इंडिया रिन्यूएबल एनर्जी एक्सपो 2026 में शामिल हुए थे। इस दौरान ऊर्जा क्षेत्र में हो रहे नए प्रयोगों और आधुनिक तकनीकों पर चर्चा हुई।
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। छत्तीसगढ़ भी इस दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। प्रदेश में कुल ऊर्जा खपत का 15 प्रतिशत हिस्सा रिन्यूएबल एनर्जी से पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।
खैरा गांव के सभी घरों में लगाए गए सोलर पैनल
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देते हुए बताया कि राजनांदगांव जिले के खैरा गांव के सभी घरों में सोलर पैनल लगाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि यह गांव स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उदाहरण बन रहा है। सौर ऊर्जा के इस्तेमाल से स्वच्छ ऊर्जा को प्रोत्साहन मिलेगा।
ग्रीन एनर्जी में 1.33 लाख करोड़ के निवेश से विकास को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में बड़े स्तर पर निवेश से जुड़े प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रदेश में 1 लाख 33 हजार करोड़ रुपये के निवेश से संबंधित कार्यों और करीब 5 लाख 60 हजार करोड़ रुपये के कार्यों का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री के अनुसार, नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में निवेश और आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने से प्रदेश में विकास को नई गति मिलेगी।



