कोरबा,12 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सोशल मीडिया पर भगवान शिव और राम को लेकर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। कटघोरा थाना पुलिस ने इंस्टाग्राम यूजर नितेश मिरी उर्फ मिंटू मिरी के खिलाफ FIR दर्ज की है।

जानकारी के मुताबिक, सावन पर्व में मांस सेवन को लेकर आरोपी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया था। आरोप है कि इस पोस्ट में भगवान शिव और सनातन देवी-देवताओं को लेकर अमर्यादित टिप्पणी की गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।

मामले को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना शर्मा, जिला उपाध्यक्ष मनोज डिकसेना समेत कई पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक कटघोरा थाने पहुंचे और पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि सावन के पवित्र महीने में धार्मिक देवी-देवताओं को लेकर इस तरह की टिप्पणी से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कटघोरा थाना पुलिस ने नितेश मिरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts