नई दिल्ली, 21  जून 2026

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में करीब 35 हजार लोगों के साथ योगाभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने ताड़ासन, अर्धचक्रासन, भद्रासन और त्रिकोणासन सहित विभिन्न योगासन किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन का माध्यम है। उन्होंने लोगों को फिटनेस का मंत्र देते हुए कहा कि हमारा लक्ष्य ऐसा होना चाहिए कि 70 वर्ष की उम्र में भी 50 वर्ष जैसा स्वास्थ्य और ऊर्जा बनी रहे, जबकि 40 वर्ष की उम्र में भी 20 वर्ष जैसी लचक महसूस हो।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि योग व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाता है तथा मानवता को जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के योग संबंधी संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि संतुलित आहार, व्यवहार, कर्म और नींद से जीवन में संतुलन आता है और योग दुखों को दूर करने का माध्यम बनता है।

उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पश्चिम बंगाल में चलाए गए स्वच्छता अभियान की भी सराहना की और इसे जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing” रखी गई है। इसका उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना है कि योग बढ़ती उम्र में भी शरीर, मन और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने का प्रभावी साधन है।

योग दिवस के अवसर पर भारत सहित दुनिया भर में लगभग 2,500 स्थानों पर बड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वहीं देशभर में 100 प्रमुख स्थानों पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें लाखों लोगों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts