रायपुर, 14 सितंबर 2026

अंबिकापुर शहर में खराब सड़क की वायरल वीडियो का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संज्ञान लिया है। मामला खरसिया चौक की सड़क से जुड़ा है, जहां बड़े गड्ढों और जल निकासी की समस्या के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से दूरभाष पर चर्चा कर सड़क की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कलेक्टर को तत्काल मौके का निरीक्षण करने और आवश्यक सुधार कार्य सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

गड्ढे भरने और जल निकासी दुरुस्त करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने खरसिया चौक की सड़क पर बने बड़े गड्ढों को भरने, समतलीकरण और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर यातायात का दबाव अधिक है, वहां पुलिस और यातायात विभाग के साथ समन्वय कर सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जाए।

सभी कलेक्टरों को सड़क व्यवस्था की निगरानी के निर्देश

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिया है कि वे अपने जिलों में निर्माणाधीन सड़कों की नियमित निगरानी करें। आवश्यकता पड़ने पर कलेक्टर स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लें और संबंधित विभागों व निर्माण एजेंसियों के साथ समन्वय कर सड़कों को आवागमन योग्य बनाए रखें।

उन्होंने मानसून के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। सड़क क्षतिग्रस्त होने, निर्माण कार्य, पुल-पुलिया के आसपास कटाव, जलभराव या किसी अन्य कारण से आवागमन प्रभावित होने की स्थिति में तत्काल सुरक्षात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

बैरिकेडिंग और वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां दुर्घटना की आशंका हो, वहां जरूरत के अनुसार चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और सुरक्षित वैकल्पिक यातायात व्यवस्था की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानसून के दौरान सड़क की खराब स्थिति के कारण नागरिकों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन या बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों पर गड्ढे भरने, समतलीकरण और जल निकासी जैसे अंतरिम सुधार कार्य प्राथमिकता से किए जाएं। मौसम के कारण स्थायी निर्माण में यदि व्यावहारिक कठिनाई हो तो भी सड़क को चलने योग्य बनाए रखने के लिए आवश्यक उपाय किए जाएं।

बारिश के बाद निर्माण कार्यों में तेजी

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु समाप्त होते ही निर्माणाधीन और स्वीकृत सड़क परियोजनाओं में तेजी लाई जाए। निर्माण एजेंसियों के साथ कार्ययोजना तैयार कर सड़क निर्माण और स्थायी मरम्मत के काम गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं।

उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के कारण लोगों को लंबे समय तक असुविधा न हो, इसके लिए सतत मॉनिटरिंग और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts