रायपुर, 16 जून 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों और किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है। इसका ताजा उदाहरण सरगुजा जिले के ग्राम पंचायत सराईटीकरा निवासी किसान राजनाथ राजवाड़े हैं, जिनकी समस्या का समाधान शिकायत दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर कर दिया गया।
राजनाथ राजवाड़े आगामी खरीफ फसल के लिए खाद की व्यवस्था को लेकर चिंतित थे। खेत में बैल चराने के दौरान उन्हें मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने अपनी समस्या दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया और मात्र दो घंटे के भीतर कृषि विभाग के अधिकारियों ने उनसे संपर्क कर पूरी जानकारी ली।
घर पहुंचकर की मदद
अधिकारियों ने जांच के दौरान पाया कि शासकीय व्यवस्था के तहत खाद और बीज प्राप्त करने के लिए किसान का सहकारी बैंक खाता और किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) होना जरूरी है। इसके बाद अधिकारियों ने स्वयं पहल करते हुए किसान के घर पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई।
बैंक का समय समाप्त हो जाने के कारण अगले दिन सहकारी बैंक में उनका खाता खुलवाया गया, पासबुक जारी की गई और सभी जरूरी दस्तावेज जमा कराए गए। इसके बाद अल्प समय में ही किसान का किसान क्रेडिट कार्ड भी जारी कर दिया गया।
खाद-बीज के साथ ऋण सुविधा का रास्ता भी खुला
केसीसी बनने के साथ ही राजनाथ राजवाड़े को आवश्यक खाद और बीज उपलब्ध करा दिए गए। साथ ही भविष्य में कृषि कार्यों के लिए ऋण और नकद सहायता प्राप्त करने का रास्ता भी आसान हो गया।
किसान ने जताया आभार
बिना किसी कार्यालय के चक्कर लगाए समस्या का समाधान मिलने पर किसान ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के 24 घंटे के भीतर ही उनका पूरा काम हो गया। उन्हें खाद के लिए भटकना नहीं पड़ा और अधिकारियों ने घर पहुंचकर हर संभव सहायता प्रदान की।
राजनाथ राजवाड़े ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की सराहना करते हुए इसे किसानों और आम नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी व्यवस्था बताया। उन्होंने किसानों के हित में किए जा रहे जनहितकारी प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।


