रायपुर,31 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से महानदी भवन, अटल नगर नवा रायपुर में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने की, जिसमें विभाग की प्रमुख परियोजनाओं और गतिविधियों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में रायपुर में प्रस्तावित साइंस सिटी, रीजनल साइंस सेंटर, विकसित की जा रही अत्याधुनिक एआई गैलरी तथा राज्य के विभिन्न जिलों में प्रस्तावित साइंस पार्क परियोजनाओं की प्रगति पर विशेष चर्चा की गई। इन परियोजनाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों, शोधार्थियों और आमजन को आधुनिक, इंटरैक्टिव एवं अनुभवात्मक विज्ञान शिक्षा उपलब्ध कराना तथा वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देना है।
समीक्षा बैठक में वर्ष 2026-27 में रायपुर में आयोजित होने वाले 22वें अखिल भारतीय विज्ञान संग्रहालय एवं विज्ञान केंद्र प्रमुख सम्मेलन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। यह सम्मेलन राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद (NCSM) और संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए एनसीएसएम के साथ शीघ्र संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य में आधुनिक विज्ञान अधोसंरचना के विकास के साथ-साथ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी आधारित जनजागरूकता, नवाचार और STEM शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सभी कार्य समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किए जाएं।
बैठक में छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (CCOST) तथा रीजनल साइंस सेंटर (RCS), रायपुर के वैज्ञानिकों एवं विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।



