रायपुर, 13 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ के दो होनहार पैरा खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का मान बढ़ाया है। एशियन पैरा गेम्स 2026 में पदक जीतने वाले तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए बड़ी प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने पैरा तीरंदाजी में स्वर्ण पदक जीतने वाले तोमन कुमार को 51 लाख रुपये और पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक हासिल करने वाले अभिजीत सखूजा को 31 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों को शॉल और बस्तर कला का प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जीवन में चुनौतियां कितनी भी बड़ी क्यों न हों, यदि मन में दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास और कुछ कर गुजरने का जज्बा हो तो सफलता का कोई भी शिखर असंभव नहीं है। तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा ने अपने साहस, कठिन परिश्रम और असाधारण खेल प्रतिभा से यह साबित कर दिखाया है। उनकी उपलब्धियां प्रदेश के हजारों युवाओं को अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा देंगी।
नक्सली हमले में गंवाया पैर, लेकिन नहीं टूटा हौसला
बालोद जिले के ग्राम नवागांव निवासी तोमन कुमार की सफलता की कहानी अदम्य साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति की मिसाल है। वे पहले सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन में जवान के रूप में देश की सेवा कर चुके हैं। वर्ष 2022 में झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान हुए आईईडी विस्फोट में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस हादसे में उन्हें अपना बायां पैर गंवाना पड़ा।
इतनी बड़ी शारीरिक चुनौती के बावजूद तोमन कुमार ने हार नहीं मानी। उन्होंने वर्ष 2023 में पैरा तीरंदाजी की शुरुआत की और लगातार अभ्यास, अनुशासन तथा आत्मविश्वास के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया।
मुख्यमंत्री साय ने उनके साहस को नमन करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले इस वीर जवान ने खेल के मैदान में भी अदम्य इच्छाशक्ति का परिचय दिया है। नक्सली विस्फोट ने उनका एक पैर जरूर छीन लिया, लेकिन देश के लिए कुछ कर दिखाने का जज्बा नहीं छीन सका। पहले मातृभूमि की रक्षा और अब अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर तिरंगे का मान बढ़ाकर उन्होंने प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
बचपन से शारीरिक चुनौती, फिर भी अभिजीत ने जीता अंतरराष्ट्रीय पदक
बिलासपुर निवासी अभिजीत सखूजा ने भी अपनी मेहनत और लगन से सफलता की प्रेरक मिसाल पेश की है। बचपन से ही वे क्लब फुट की शारीरिक चुनौती का सामना कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्होंने अपनी परिस्थितियों को सपनों के रास्ते में बाधा नहीं बनने दिया।
अभिजीत ने पैरा बैडमिंटन को अपना लक्ष्य बनाया और कठिन अभ्यास एवं अनुशासन के बल पर अपनी प्रतिभा को निखारा। एशियन पैरा गेम्स 2026 में कांस्य पदक जीतकर उन्होंने साबित कर दिया कि मजबूत इरादों और निरंतर प्रयास से हर चुनौती को पार किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभिजीत की उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद जीवन में आगे बढ़ने का सपना देखते हैं। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के परिवारजनों को भी बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे परिवार का त्याग, विश्वास और प्रोत्साहन महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
पैरा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने हरसंभव सहयोग करेगी सरकार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित अवसर, बेहतर प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की है। राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को निखारने और पैरा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक अर्जित करने वाले खिलाड़ियों को आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग की योजनाओं के अंतर्गत 3 लाख रुपये तक की टीए-डीए सहायता भी दी जाती है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा आने वाले समय में भी अपनी प्रतिभा और परिश्रम से सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं और पैरालंपिक में देश के लिए और अधिक पदक जीतेंगे।
प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप खिलाड़ियों को मिल रहा प्रोत्साहन : अरुण साव
उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए नया वातावरण तैयार हुआ है।
प्रधानमंत्री के प्रेरक संदेश ‘जितना खेलेंगे, उतना ही खिलेंगे’ की भावना के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार भी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक खेल आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित दोनों खिलाड़ियों के परिवारजन उपस्थित थे।



