बिलासपुर, 31 जुलाई 2026

सकरी थाना क्षेत्र के कानन पेंडारी के पास गुरुवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवक घायल हो गए। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रेलिंग का लोहे का सरिया दो युवकों के पेट में घुस गया। हादसे में अब्राहम और प्रियांशु गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि तीसरे युवक को मामूली चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार, तीनों युवक मुंगेली जिले के पेंड्रीडीह, जरहागांव के रहने वाले हैं। वे अपने एक दोस्त को लेने बिलासपुर आए थे, लेकिन उसके पहले ही लौट जाने की जानकारी मिलने पर वापस गांव जा रहे थे। इसी दौरान कानन पेंडारी के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा बेहद भयावह था। टक्कर के बाद लोहे का सरिया और पाइप दो युवकों के पेट में घुस गया। अब्राहम के पेट में सरिया फंसा रह गया, जबकि प्रियांशु के पेट में घुसे सरिये को सिम्स अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान निकाला गया। तीसरे युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 और सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद दोनों गंभीर घायलों की हालत चिंताजनक होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए अपोलो अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और बाइक का अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकराना माना जा रहा है। सकरी पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts