रायपुर,28 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने किया। राजधानी रायपुर में आयोजित इस कॉन्क्लेव में देशभर के खेल प्रशासक, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट, विशेषज्ञ, नामचीन खिलाड़ी और खेल संघों के पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम में राज्य में बेहतर खेल इको-सिस्टम, खिलाड़ियों के विकास, खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने पर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि समर्थ और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में खेल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि खेलों के विकास से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के अधिक अवसर मिलेंगे और वे राज्य के लिए मजबूत मानव संसाधन के रूप में तैयार होंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल संघों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही राज्य की मौजूदा खेल अधोसंरचनाओं के बेहतर उपयोग, उनके प्रभावी संचालन और खिलाड़ियों के लिए सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

‘विजन टू विक्ट्री’ थीम पर आयोजित कॉन्क्लेव के ‘नेतृत्व, खेल प्रोत्साहन और प्रतिभा खोज’ सत्र में अरुण साव ने कहा कि विशेषज्ञों की चर्चा से निकलने वाले सुझावों को राज्य में बेहतर खेल सुविधाएं विकसित करने और नई प्रतिभाओं को तैयार करने के लिए लागू किया जाएगा। उन्होंने सभी जिलों में खेल संघों के गठन, मजबूत संगठनात्मक ढांचे, नियमित गतिविधियों और पारदर्शी कार्यप्रणाली की आवश्यकता पर भी बल दिया।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार ने स्वागत भाषण में बताया कि कॉन्क्लेव से प्राप्त सुझावों को राज्य की नई खेल नीति में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में 150 करोड़ रुपए से अधिक की खेल अधोसंरचना परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है।

कॉन्क्लेव के पहले सत्र में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता टीम की कप्तान किरण पिस्दा ने कहा कि बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स खिलाड़ियों के लिए बड़े अवसर बनकर उभरे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस कॉन्क्लेव से तैयार होने वाला रोडमैप राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में मदद करेगा।

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक तनुजा सलाम, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान, ओलंपियन जिन्शन जॉनसन, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया, सभी जिलों के खेल अधिकारी, प्रशिक्षक, पदक विजेता खिलाड़ी और विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts