स्पोर्ट्स डेस्क,27 जुलाई 2026

भारत की स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग में गोल्ड मेडल जीत लिया। इस जीत के साथ ही उन्होंने भारत के लिए टूर्नामेंट का पहला स्वर्ण पदक दिलाया और लगातार तीसरे कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड जीतने का ऐतिहासिक कारनामा किया।

स्नैच राउंड में मीराबाई ने अपने दूसरे प्रयास में 82 किलोग्राम और तीसरे प्रयास में 85 किलोग्राम वजन उठाकर दो बार नया रिकॉर्ड बनाया। इसके बाद क्लीन एंड जर्क में उन्होंने 105 किलोग्राम वजन चुना। पहले प्रयास में असफल रहने के बावजूद उन्होंने दूसरे प्रयास में सफलतापूर्वक वजन उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।

मीराबाई ने प्रतियोगिता के दौरान 85 किलोग्राम स्नैच का रिकॉर्ड बनाकर अपना ही पिछला रिकॉर्ड तोड़ा। उनका यह प्रदर्शन कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे पहले भी वह 2018 और 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के लिए गोल्ड जीत चुकी हैं।

वहीं, पुरुषों की 60 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में ऋषिकांत सिंह ने अपने पहले ही कॉमनवेल्थ गेम्स में कुल 264 किलोग्राम (121 किग्रा स्नैच + 143 किग्रा क्लीन एंड जर्क) वजन उठाकर सिल्वर मेडल जीता और भारत की झोली में दूसरा पदक डाला।

इसके अलावा तैराकी में श्रीहरि नटराज, आर्यन नेहरा, अनीश गौड़ा और दक्षन शशिकुमार की भारतीय टीम ने पुरुषों की 4×200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले के फाइनल के लिए क्वालिफाई किया। हालांकि लॉन बॉल्स महिला पेयर्स मुकाबले में भारत की रूपा रानी तिर्की और पिंकी सिंह की जोड़ी को नामीबिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts