नई दिल्ली, 27 जुलाई 2026। भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान वैज्ञानिक और ‘मिसाइल मैन’ के नाम से विख्यात डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर सोमवार को पूरा देश उन्हें श्रद्धापूर्वक याद करता नजर आया। राष्ट्रपति भवन से लेकर संसद और विभिन्न राजनीतिक दलों तक, नेताओं ने उनके अद्वितीय वैज्ञानिक योगदान, सादगीपूर्ण जीवन और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण को नमन किया।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि डॉ. कलाम दूरदर्शी वैज्ञानिक और प्रेरणादायी व्यक्तित्व थे, जिन्होंने विकसित और आत्मनिर्भर भारत का सपना देखा। उन्होंने विज्ञान, अंतरिक्ष और तकनीक के क्षेत्र में देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके विचार आज भी युवाओं को बड़े लक्ष्य तय कर उन्हें हासिल करने की प्रेरणा देते हैं।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि डॉ. कलाम भारत के मिसाइल एवं अंतरिक्ष कार्यक्रम के प्रमुख शिल्पकारों में रहे। उनकी वैज्ञानिक उपलब्धियों ने भारत को वैश्विक स्तर पर एक मजबूत रणनीतिक शक्ति के रूप में स्थापित करने में अहम योगदान दिया। उन्होंने डॉ. कलाम को “जनता का राष्ट्रपति” बताते हुए उनके व्यक्तित्व को देश के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि डॉ. कलाम ने भारत की रक्षा क्षमताओं को नई मजबूती प्रदान की। उनका पूरा जीवन संघर्ष, समर्पण, सादगी और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक रहा, जो आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अग्नि और पृथ्वी मिसाइल परियोजनाओं, एसएलवी-3 मिशन, रोहिणी उपग्रह प्रक्षेपण तथा पोखरण-2 परमाणु परीक्षण में डॉ. कलाम की ऐतिहासिक भूमिका को याद करते हुए कहा कि उन्होंने भारत को वैज्ञानिक आत्मनिर्भरता की दिशा में नई पहचान दिलाई।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मनोहर लाल, शिवराज सिंह चौहान तथा एनसीपी (शरद पवार गुट) के प्रमुख शरद पवार सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी डॉ. कलाम को श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी नेताओं ने उनके सादगीपूर्ण जीवन, वैज्ञानिक सोच और राष्ट्र के प्रति समर्पण को देश के लिए प्रेरणादायी बताया।

गौरतलब है कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का निधन 27 जुलाई 2015 को मेघालय के शिलांग में एक कार्यक्रम के दौरान हुआ था। आज भी उनके विचार, उनका व्यक्तित्व और उनका संदेश देश के करोड़ों युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का साहस देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts