एंटरटेनमेंट डेस्क,27 जुलाई 2026
देश के लोकप्रिय सिंगिंग रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल 16’ को अपना विजेता मिल गया है। कई महीनों तक चले रोमांचक मुकाबले के बाद ज्योतिर्मयी नायक ने शानदार प्रदर्शन के दम पर ट्रॉफी अपने नाम की। ग्रैंड फिनाले में उनकी दमदार गायकी को दर्शकों और जजों का भरपूर समर्थन मिला।
फिनाले में तनिष्क शुक्ला पहले रनर-अप और मनराज वीर सिंह दूसरे रनर-अप बने। दोनों प्रतिभागियों को 5-5 लाख रुपये का कैश प्राइज दिया गया। वहीं मैस्म्मे बोसु स्पॉटलाइट राउंड के बाद बाहर हो गए, जबकि अंशिका चोंकर और सुहैल सूफी कम वोट मिलने के कारण एलिमिनेट हुए। दोनों को 3-3 लाख रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
ग्रैंड फिनाले में बादशाह, कुमार सानू और श्रेया घोषाल जज के रूप में मौजूद रहे। वहीं विशाल ददलानी किसी कारण स्टूडियो नहीं पहुंच सके और वीडियो कॉल के माध्यम से शो से जुड़े। कार्यक्रम में शहनाज गिल ने स्पेशल गेस्ट के रूप में शिरकत कर कंटेस्टेंट्स का उत्साह बढ़ाया।
फिनाले की शाम में उषा उत्थुप और कुमार सानू की यादगार प्रस्तुतियों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। प्रतियोगियों की अंतिम परफॉर्मेंस भी शो का मुख्य आकर्षण रही, जहां सभी ने अपनी बेहतरीन गायकी का प्रदर्शन किया।
‘यादों की प्लेलिस्ट’ थीम पर आधारित इंडियन आइडल 16 की शुरुआत अक्टूबर 2025 में हुई थी और 26 जुलाई 2026 को ग्रैंड फिनाले के साथ इसका समापन हुआ। इस पूरे सीजन में श्रेया घोषाल, विशाल ददलानी और बादशाह ने जज की भूमिका निभाई। दो दिनों तक प्रसारित हुए ग्रैंड फिनाले के दूसरे दिन ज्योतिर्मयी नायक को आधिकारिक रूप से विजेता घोषित किया गया।



