नारायणपुर, 25 जुलाई। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार चलाए जा रहे सुरक्षा अभियानों के बीच संयुक्त सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। ओरछा थाना क्षेत्र के पदगुंडा-करसेनार के जंगलों में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियारों और विस्फोटक सामग्री का एक बड़ा डंप बरामद किया गया। बरामद सामग्री में रायफल, मोर्टार शेल, कारतूस सहित बड़ी मात्रा में अन्य सामग्री शामिल है।

जानकारी के अनुसार, नक्सल मुक्त हो चुके क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से सुरक्षा बल लगातार सर्च अभियान चला रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को कैंप पदमेटा से पदगुंडा-करसेनार की ओर संयुक्त सुरक्षा बलों ने जंगल-पहाड़ी इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियारों और विस्फोटक सामग्री का डंप बरामद किया गया।

सुरक्षा बलों ने मौके से एक 12 बोर रायफल, 55 नग 12 बोर कारतूस, चार स्थानीय निर्मित 51 मिमी मोर्टार शेल, 25 लोहे के भाले, एक बैटरी, एक स्टील कंटेनर तथा भाकपा (माओवादी) का एक झंडा बरामद किया। सभी सामग्री को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि पिछले कुछ समय से लगातार चलाए जा रहे अभियानों और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से जिले में नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है। इसके बावजूद जंगलों में छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री की तलाश के लिए सर्च अभियान लगातार जारी हैं, ताकि भविष्य में नक्सली संगठन इनका उपयोग न कर सकें।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु, गतिविधि या नक्सलियों से जुड़ी सूचना मिले तो तत्काल निकटतम थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts