नारायणपुर के कदेर जंगल में बीएसएफ की बड़ी कार्रवाई, नक्सलियों का वर्षों पुराना छिपाया गया डंप मिला

नारायणपुर, 18 जुलाई 2026।
नक्सल मुक्त घोषित किए जा चुके नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों का लगातार चल रहा सर्चिंग अभियान अब भी नक्सलियों के पुराने ठिकानों और छिपाए गए हथियारों का पर्दाफाश कर रहा है। जिले के ग्राम कदेर के समीप जंगल में बीएसएफ की 133वीं वाहिनी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों द्वारा जमीन के भीतर छिपाकर रखा गया हथियारों, गोला-बारूद, संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक सामान, चिकित्सा सामग्री और नक्सली साहित्य का विशाल जखीरा बरामद किया है। वहीं बम निरोधक दस्ते (BDS) ने मौके पर मिले 44 बीजीएल शेल को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया।

पुलिस के अनुसार 17 जुलाई को 133वीं वाहिनी बीएसएफ सोनपुर की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कदेर के जंगल में नक्सलियों ने बड़ी मात्रा में सामग्री छिपा रखी है। सूचना के आधार पर टीम ने इलाके में सर्चिंग की। संदिग्ध स्थान की जांच बम निरोधक दस्ते द्वारा सुरक्षा मानकों के तहत की गई। जमीन की खुदाई करने पर हथियारों और अन्य सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद हुआ।

बरामदगी में क्या-क्या मिला

कार्रवाई के दौरान एक .303 राइफल, छह .315 राइफल, एक 12 बोर बंदूक, बड़ी मात्रा में कारतूस, राइफल मैगजीन, संचार उपकरण, आरएफ डिटेक्टर, एंटीना, आईईडी ऑपरेटिंग मैकेनिज्म, जीपीएस, नक्सली वर्दी, नक्सली साहित्य, बैनर, फोटो, चिकित्सा सामग्री, दर्जनों मेमोरी कार्ड, छह पेन ड्राइव (1 टीबी तक क्षमता), इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य उपयोगी सामग्री बरामद की गई।

44 बीजीएल शेल मौके पर ही किए गए नष्ट

बरामद सामग्री में 24 बड़े और 20 छोटे बीजीएल शेल भी मिले थे। सुरक्षा को देखते हुए बम निरोधक दस्ते ने सभी 44 बीजीएल शेल को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से डिस्पोज कर नष्ट कर दिया। इसलिए इन्हें जब्ती सूची में शामिल नहीं किया गया।

सर्चिंग अभियान रहेगा जारी

पुलिस का कहना है कि नारायणपुर जिले में नक्सल उन्मूलन के बाद भी सुरक्षा बल लगातार जंगलों में सर्चिंग अभियान चला रहे हैं, ताकि नक्सलियों द्वारा पहले छिपाकर रखे गए हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद की जा सके तथा क्षेत्र में स्थायी शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। बरामद अन्य सामग्री के संबंध में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts