रायपुर, 9 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ सरकार ने गुरुवार को प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 5 IAS अधिकारियों के प्रभार में बदलाव किया है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा जारी आदेश के अनुसार कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इस फेरबदल में सबसे बड़ा बदलाव गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन के पद पर हुआ है। उन्हें कलेक्टर पद से हटाकर मंत्रालय के स्कूल शिक्षा विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। उनकी जगह तकनीकी शिक्षा विभाग के संचालक विजय दयाराम के. को जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है।
वहीं हेमंत रमेश नंदनवार (IAS 2020) को महासमुंद जिला पंचायत के CEO पद से हटाकर संचालक, तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं प्रशिक्षण की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण के प्रबंध संचालक (MD) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

सुमित अग्रवाल (IAS 2021), जो वर्तमान में दुर्ग नगर निगम आयुक्त हैं, उन्हें मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO), छत्तीसगढ़ राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही रिमिजियस एक्का को इस पद के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है।
इसके अलावा अनुपमा आनंद (IAS 2023), जो सरायपाली (महासमुंद) में SDM के पद पर कार्यरत थीं, उन्हें पदोन्नत करते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO), जिला पंचायत महासमुंद बनाया गया है।
राज्य सरकार का यह प्रशासनिक फेरबदल विभिन्न विभागों में कार्यों की गति और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है।
