जन्मदिन से लौट रही महिला बनी झपटमार का शिकार, 2.60 लाख के जेवर और मोबाइल लेकर स्कूटी सवार फरार

रायपुर के सरोना में सुबह-सुबह वारदात, कवर्धा से नातिन के जन्मदिन में आई महिला से पर्स छीनकर बदमाश हुआ फरार; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस।

रायपुर, 3 जुलाई। राजधानी रायपुर में झपटमारी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला सरोना क्षेत्र का है, जहां नातिन के जन्मदिन समारोह में शामिल होकर लौट रही एक महिला से स्कूटी सवार बदमाश ने दिन निकलते ही पर्स झपट लिया। पर्स में करीब 2.60 लाख रुपये के सोने के जेवर, मोबाइल फोन और नकदी रखी हुई थी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार पीड़िता चंद्रिका देवांगन, कवर्धा जिले के देवांगन पारा की निवासी हैं। वह अपने पति अशोक कुमार देवांगन के साथ सरोना स्थित अपनी बेटी के घर नातिन के जन्मदिन समारोह में शामिल होने आई थीं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बुधवार सुबह दोनों पति-पत्नी पैदल सरोना चौक की ओर जा रहे थे, जहां से उन्हें कवर्धा लौटने के लिए वाहन पकड़ना था।

सुबह करीब 6 बजे जब दंपती राधाकृष्ण मंदिर के पास पहुंचे, तभी सामने से स्कूटी पर आए एक युवक ने महिला के कंधे पर टंगा पर्स झपट लिया। वारदात इतनी तेजी से हुई कि दंपती कुछ समझ पाते, उससे पहले आरोपी केपीएस स्कूल की ओर तेज रफ्तार से फरार हो गया। अचानक हुई घटना के कारण वे स्कूटी का नंबर भी नहीं देख सके।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पर्स में सोने का रानी हार, सोने की चेन, एक जोड़ी सोने के ईयररिंग, एक मोबाइल फोन और करीब एक हजार रुपये नकद रखे थे। चोरी गए सोने के जेवरों की कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है। कुल मिलाकर पर्स में रखे सामान की कीमत लगभग 2.60 लाख रुपये आंकी गई है।

सूचना मिलते ही डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और झपटमारी की इस वारदात में शामिल आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही इलाके में सक्रिय झपटमार गिरोहों की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि घटना के समय किसी ने संदिग्ध स्कूटी सवार को देखा हो या उसके संबंध में कोई जानकारी हो, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *