रायपुर, 30 जून 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में उनके निवास कार्यालय में उत्कृष्ट खिलाड़ियों के चयन के लिए गठित उच्च स्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए प्राप्त आवेदनों की समीक्षा के बाद 20 अलग-अलग खेलों के 156 खिलाड़ियों के चयन को अंतिम मंजूरी दी गई। बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में अनुमोदित 156 खिलाड़ियों की सूची अब सामान्य प्रशासन विभाग को भेजी जाएगी। विभाग द्वारा अधिसूचना जारी होने के बाद चयनित खिलाड़ियों की शासकीय सेवा में नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होगी। लंबे समय से इस सूची का इंतजार कर रहे खिलाड़ियों के लिए यह फैसला बड़ी राहत माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए पारदर्शी, समयबद्ध और प्रोत्साहन आधारित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि चयनित खिलाड़ियों को उनकी पात्रता के अनुसार सरकारी सेवा में नियुक्ति दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल खिलाड़ियों को सम्मानित करना नहीं, बल्कि गांव से लेकर राज्य स्तर तक मजबूत खेल व्यवस्था विकसित करना है। प्रतिभाओं की समय पर पहचान, आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर संसाधन और प्रतिस्पर्धात्मक अवसर उपलब्ध कराकर खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि चयनित खिलाड़ियों का अनुभव नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा। उनकी सेवाओं का उपयोग खेल प्रशिक्षण, प्रतिभा संवर्धन और युवा खिलाड़ियों के मार्गदर्शन में भी किया जाएगा, जिससे प्रदेश में खेल संस्कृति को और मजबूती मिलेगी।
बैठक में जानकारी दी गई कि राज्य में अब तक 182 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को घोषित किया जा चुका है। वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए जारी विज्ञापन के आधार पर प्राप्त आवेदनों की जांच और निर्धारित मानकों के परीक्षण के बाद 156 खिलाड़ियों को पात्र पाया गया।
बैठक में वन मंत्री केदार कश्यप, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक तनुजा सलाम उपस्थित थीं।
