ShakthiSAT Mission के लिए रायपुर की बेटी महिमा राजपूत का चयन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई

ShakthiSAT Mission के लिए रायपुर की बेटी महिमा राजपूत का चयन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई

रायपुर, 27 जून 2026

रायपुर की होनहार छात्रा महिमा राजपूत ने अपनी प्रतिभा से पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। महज 14 वर्ष की आयु में उनका चयन प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय ShakthiSAT Mission के लिए हुआ है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महिमा को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि 108 देशों के विद्यार्थियों के साथ इस प्रतिष्ठित अंतरिक्ष मिशन में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए महिमा का चयन होना उनकी असाधारण प्रतिभा, कठिन परिश्रम और समर्पण का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल महिमा और उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिमा राजपूत ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर यह साबित कर दिया है कि यदि प्रतिभा को सही अवसर मिले तो छत्तीसगढ़ की बेटियां वैश्विक मंचों पर भी अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। उन्होंने कहा कि महिमा की सफलता प्रदेश की अन्य बेटियों और युवाओं को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने की प्रेरणा देगी।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि महिमा भविष्य में भी अपनी प्रतिभा के दम पर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाती रहेंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विज्ञान, नवाचार और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ाने तथा उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि प्रदेश के अधिक से अधिक विद्यार्थी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।

अंत में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महिमा राजपूत को पुनः शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की और विश्वास जताया कि उनकी यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *