रायपुर,27 जून 2026
रायपुर नगर पालिक निगम ने शहर की जलप्रदाय व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से ‘एकमुश्त जलकर निपटान योजना’ लागू करने की घोषणा की है। इस योजना के तहत जिन नागरिकों के नल कनेक्शन निगम के रिकॉर्ड में दर्ज नहीं हैं, उन्हें वैध (नियमित) कराने का अंतिम अवसर दिया जा रहा है।
नगर निगम के अनुसार, 15 जुलाई से 15 अक्टूबर 2026 तक संबंधित नागरिक अपने नजदीकी जोन कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। योजना के तहत आवासीय और व्यावसायिक दोनों प्रकार के नल कनेक्शनों को नियमित कराने के लिए 15,882 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। यह राशि एकमुश्त (Single Installment) जमा करना अनिवार्य होगा।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि 15 अक्टूबर 2026 तक आवेदन नहीं करने वाले अवैध कनेक्शनों पर नल कनेक्शन विच्छेदन (काटने) की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा नियमितीकरण शुल्क का तीन गुना (3X) जुर्माना भी लगाया जाएगा।
निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे भविष्य में किसी भी कानूनी कार्रवाई, जुर्माने और मानसिक परेशानी से बचने के लिए समय रहते अपने कनेक्शन नियमित करा लें। किसी भी तकनीकी समस्या के लिए 9301953298 पर संपर्क किया जा सकता है।


