कोरबा, जून 2026। आर्थिक तंगी के कारण बेटी की पढ़ाई को लेकर चिंतित एक मां जब जनदर्शन में पहुंची, तो प्रशासन की संवेदनशील पहल ने उसके चेहरे पर मुस्कान लौटा दी। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर बच्ची के लिए स्कूल ड्रेस, किताबें, कॉपियां, बैग और जूतों की व्यवस्था कराई गई।
पुरानी बस्ती रानी रोड निवासी सुप्रिया मतवानी अपनी बेटी केजी-1 में प्रवेश लेने जा रही है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण स्कूल की जरूरी सामग्री जुटाना उनके लिए मुश्किल हो रहा था। बेटी की पढ़ाई बाधित न हो जाए, इसी चिंता के साथ वह जनदर्शन में कलेक्टर के पास पहुंचीं।
सुप्रिया मतवानी ने कलेक्टर कुणाल दुदावत को बताया कि बेटी के लिए स्कूल ड्रेस, किताबें, कॉपियां, बैग और जूते खरीदने के लिए उनके पास पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को तत्काल आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
निर्देश के बाद प्रशासन ने तेजी से कार्रवाई करते हुए बच्ची के लिए पढ़ाई से जुड़ी सभी जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई। नया स्कूल बैग और किताबें हाथ में आते ही बच्ची के चेहरे पर खुशी दिखाई दी, वहीं मां की आंखों में राहत और संतोष नजर आया।
सुप्रिया मतवानी ने जिला प्रशासन और कलेक्टर का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनकी समस्या का समाधान इतनी जल्दी हो जाएगा।
यह पहल केवल एक बच्ची को शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह संदेश भी दे गई कि आर्थिक अभाव किसी बच्चे की शिक्षा के रास्ते में बाधा नहीं बनना चाहिए। जनदर्शन में प्रशासन की इस संवेदनशीलता ने एक परिवार को राहत और बेटी के भविष्य को नई उम्मीद दी है।



