मुख्यमंत्री साय बोले- मोदी के नेतृत्व में बदली बस्तर की तस्वीर, विकास बना नई पहचान

मुख्यमंत्री साय बोले- मोदी के नेतृत्व में बदली बस्तर की तस्वीर, विकास बना नई पहचान

रायपुर, 23 जून 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि देश ने नक्सलवाद और माओवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। जिन क्षेत्रों में कभी भय, हिंसा और अविश्वास का माहौल था, वहां आज विकास, सुशासन और नई संभावनाओं का नया अध्याय लिखा जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आम नागरिकों को सुरक्षा, आजीविका और सम्मान के लिए संघर्ष करना पड़ता था। सड़क निर्माण, संचार नेटवर्क और विकास परियोजनाओं को लगातार हिंसक विरोध का सामना करना पड़ता था, लेकिन सरकार ने इन चुनौतियों के बावजूद विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।

उन्होंने बताया कि बीते वर्षों में हजारों किलोमीटर सड़कों का निर्माण, मोबाइल टावरों की स्थापना, बैंकिंग और डाक सेवाओं का विस्तार तथा वित्तीय समावेशन के जरिए दूरस्थ क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा गया है। यह बदलाव केवल आधारभूत संरचना का नहीं, बल्कि लोगों के जीवन में विश्वास और अवसरों के विस्तार का प्रतीक है।

प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट किया कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई केवल बम, बंदूक और गोली से नहीं जीती गई, बल्कि लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने, शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और लोकतंत्र में भरोसा मजबूत करने के प्रयासों से सफलता मिली है।

बस्तर का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जहां कभी आतंक और हिंसा का माहौल था, वहां आज युवाओं की प्रतिभा खेल और शिक्षा के माध्यम से सामने आ रही है। बस्तर ओलंपिक में लाखों युवाओं की भागीदारी इस सकारात्मक बदलाव का प्रमाण है। यह दर्शाता है कि अब युवा हिंसा नहीं, बल्कि शिक्षा, खेल और विकास के रास्ते को चुन रहे हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के ‘नेशन फर्स्ट’ संकल्प, दूरदर्शी नेतृत्व और सुरक्षा बलों के साहसिक प्रयासों ने बस्तर सहित पूरे नक्सल प्रभावित क्षेत्र की तस्वीर बदल दी है। जहां कभी नक्सलवाद का आतंक था, वहां आज सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से विकास का आत्मविश्वास दिखाई देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की समन्वित रणनीति, सुरक्षा बलों की वीरता और स्थानीय जनता के सहयोग से नक्सलवाद का अध्याय समाप्ति की ओर पहुंच चुका है। आज बस्तर की पहचान हिंसा नहीं, बल्कि विकास, पर्यटन, खेल और जनभागीदारी से बन रही है।

उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सुशासन और विकास का राष्ट्रीय मॉडल बनेगा तथा बस्तर देश के सबसे तेजी से विकसित होने वाले क्षेत्रों में अपनी नई पहचान स्थापित करेगा।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *