दिल्ली में फिर भीषण आग, कालकाजी-गोविंदपुरी फ्लाईओवर के पास होटल में फटे 3 गैस सिलेंडर

दिल्ली में फिर भीषण आग, कालकाजी-गोविंदपुरी फ्लाईओवर के पास होटल में फटे 3 गैस सिलेंडर

नई दिल्ली, 14 जून 2026

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आग लगने की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। रविवार सुबह दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी-गोविंदपुरी फ्लाईओवर के पास स्थित पंजाबी तड़का रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि रेस्टोरेंट में रखे 3 LPG गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गए, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। शुरुआती तौर पर 2 वाटर टेंडर, 3 वाटर बाउजर और 1 ब्रीदिंग सपोर्ट यूनिट को घटनास्थल भेजा गया। आग की गंभीरता को देखते हुए सुबह 5:05 बजे “मेक-4” कॉल घोषित की गई, जिसके बाद अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी मौके पर रवाना किया गया।

दमकल विभाग के अनुसार कुल 9 दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। आग जिस भवन में लगी, वह बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और तीन मंजिला संरचना वाला है, जिसकी तीसरी मंजिल पर अस्थायी ढांचा भी बना हुआ था। फिलहाल कूलिंग ऑपरेशन जारी है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

जनहानि नहीं, लेकिन बड़ा नुकसान

अधिकारियों के मुताबिक इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि रेस्टोरेंट को भारी नुकसान पहुंचा है। सिलेंडर ब्लास्ट के कारण आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया था।

दिल्ली में लगातार सामने आ रहे अग्निकांड

गौरतलब है कि हाल के दिनों में दिल्ली में कई बड़े अग्निकांड सामने आ चुके हैं। 3 जून को मालवीय नगर स्थित एक होटल में लगी भीषण आग में 23 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 11 जून को तुगलकाबाद की एक पांच मंजिला रिहायशी इमारत में आग लगने से 3 लोगों की जान चली गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने राजधानी में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *