रायपुर, 14 नवंबर 2026
राजधानी रायपुर स्थित लोकभवन में राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय विशेष रूप से शामिल हुए। इस अवसर पर राज्यपाल ने सभी अतिथियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री सहित आमंत्रित अतिथियों ने भी राज्यपाल को दीपावली पर्व की बधाई दी। कार्यक्रम में राज्य की प्रथम महिला श्रीमती रानी डेका काकोटी भी उपस्थित रहीं।
समारोह में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, कला और परंपराओं की मनमोहक झलक देखने को मिली। विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को उत्सव के रंगों से सराबोर कर दिया। आदर्श ग्राम तुलसी के कान्हा ग्रुप ने पारंपरिक राउत नाचा की प्रस्तुति दी, वहीं महिलाओं ने आकर्षक सुवा नृत्य और पंडवानी गायन से दर्शकों का मन मोह लिया।
इस दौरान छत्तीसगढ़ गर्ल्स बैंड ‘चिन्हारी’ की संगीत प्रस्तुति ने समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल बनाया। वहीं कुमारी भूमिसुता मिश्रा ने मनमोहक शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह का विशेष आकर्षण गायक श्री पृथ्वी तांड़ी और श्री गौतम विश्वास द्वारा असम के प्रसिद्ध गायक एवं भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति रही। उनके गीतों ने समारोह में भावनात्मक माहौल बना दिया और उपस्थित अतिथि भावविभोर हो उठे। इस अवसर पर राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा तथा पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने भी गायन की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ममता साहू, विधायक पुरंदर मिश्रा, रिकेश सेन और संपत अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इसके अलावा राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक भी समारोह में उपस्थित रहे।
लोकभवन में आयोजित इस दीपावली मिलन समारोह ने छत्तीसगढ़ की लोककला, सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक कलाओं को एक खूबसूरत मंच प्रदान किया।



