रायपुर, 12 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ में विकसित भारत–जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से तीन दिवसीय प्रशिक्षण सह समीक्षा कार्यशाला का शुभारंभ गुरुवार को ठाकुर प्यारेलाल सिंह राज्य ग्रामीण विकास संस्थान, निमोरा में हुआ। कार्यशाला की अध्यक्षता आयुक्त वीबी–जीरामजी एवं संचालक, प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण तारन प्रकाश सिन्हा ने की।
इस कार्यशाला में कार्यपालन अभियंता (आरईएस), सहायक परियोजना अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी सहित योजना से जुड़े विभिन्न अधिकारी-कर्मचारी शामिल हो रहे हैं। इसमें प्रदेश के सभी 33 जिलों के अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
विकसित भारत @2047 के लक्ष्य के अनुरूप बनें स्थायी परिसंपत्तियां
कार्यशाला के शुभारंभ अवसर पर आयुक्त तारन प्रकाश सिन्हा ने कहा कि विकसित भारत @2047 के विजन को साकार करने के लिए योजना के अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण और स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण सुनिश्चित करना आवश्यक है।
उन्होंने कार्यों के चयन में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जलवायु अनुकूल कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों का दीर्घकालिक लाभ मिल सके।
आजीविका डबरी, कंटूर ट्रेंच और सुघ्घर बारी जैसे कार्यों को प्राथमिकता
श्री सिन्हा ने बताया कि छत्तीसगढ़ में वीबी–जी राम जी योजना के अंतर्गत आजीविका डबरी, कंटूर ट्रेंच, बालिका शौचालय और मुक्तिधाम शेड जैसे नवाचारपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के साथ क्रियान्वित किया जा रहा है।
इन कार्यों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इनके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन के साथ स्थायी ग्रामीण परिसंपत्तियों का विकास भी हो रहा है।
भारत सरकार के विशेषज्ञ देंगे ग्राम पंचायत योजना निर्माण का प्रशिक्षण
कार्यशाला के प्रथम दिवस भारत सरकार के प्रतिनिधि के रूप में विकसित ग्राम पंचायत योजना के विशेषज्ञ भी शामिल हुए। उन्होंने अधिकारियों को विकसित ग्राम पंचायत योजना निर्माण से संबंधित महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण में वीबी–जी राम जी योजना के विभिन्न आयामों, विकसित भारत ग्राम पंचायत प्लान सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी जाएगी।
इस दौरान प्रतिभागियों को तकनीकी मार्गदर्शिका पुस्तिका, 375 प्रकार के अनुमेय कार्यों की सूची, विकसित ग्राम पंचायत योजना (VGPP), धार-अपार और सुघ्घर बारी पुस्तिकाओं का वितरण भी किया गया। इसके साथ ही विभिन्न जिलों के अधिकारियों को अपने अनुभव और उत्कृष्ट कार्यप्रणालियां साझा करने का अवसर दिया गया।
12 से 14 नवंबर तक चलेगी कार्यशाला, 33 जिलों के अधिकारी होंगे शामिल
यह कार्यशाला 12 से 14 नवंबर 2026 तक ठाकुर प्यारेलाल सिंह राज्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान, निमोरा, रायपुर में आयोजित की जा रही है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तीन दिनों में जिलों के प्रतिभागियों को अलग-अलग समूहों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
- 12 नवंबर: 12 जिलों के प्रतिभागी शामिल होंगे।
- 13 नवंबर: 11 जिलों के प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
- 14 नवंबर: 10 जिलों के प्रतिभागी प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
योजना के बेहतर क्रियान्वयन और निगरानी पर होगा फोकस
कार्यशाला में विकसित भारत–जी राम जी योजना के विभिन्न प्रावधानों, क्रियान्वयन की प्रक्रिया, तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं और मैदानी स्तर पर आने वाली चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
इसके साथ ही अधिकारियों का क्षमता संवर्धन किया जाएगा, ताकि योजना का प्रभावी संचालन, कार्यों की गुणवत्ता, बेहतर निगरानी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
इस पहल से प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने, विकास कार्यों को मजबूत करने और स्थायी ग्रामीण परिसंपत्तियों के निर्माण को नई गति मिलने की उम्मीद है।


