रायपुर,10 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ में किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक अभिनव पहल की गई है। अब बिना बिजली, डीजल, पेट्रोल और सौर ऊर्जा के भी नदी के जल प्रवाह से खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाया जा सकेगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड अंतर्गत ग्राम पोंगरो में घुघरी नदी पर निर्मित एनीकट हाइड्रो पावर आधारित पम्पिंग योजना का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने योजना की कार्यप्रणाली, सिंचाई क्षमता और किसानों को मिलने वाले लाभों की जानकारी ली। सरगुजा संभाग की अपनी तरह की पहली नवाचारी सिंचाई परियोजना की खासियत यह है कि इसमें नदी के बहते पानी की ऊर्जा से टरबाइन पम्प संचालित होता है और इसी के माध्यम से खेतों तक पानी पहुंचाया जाता है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि खेती की समृद्धि के लिए सिंचाई सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। पोंगरो की यह परियोजना आधुनिक विज्ञान और स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है। इससे किसानों को सिंचाई के लिए बिजली और डीजल पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा तथा खेती की लागत कम करने में भी मदद मिलेगी।
नदी के जल प्रवाह से संचालित होगा टरबाइन पम्प
पोंगरो एनीकट हाइड्रो पावर पम्पिंग योजना में नदी के बहते पानी की ऊर्जा से टरबाइन पम्प संचालित किया जाता है। इसके लिए पहले से निर्मित एनीकट से लगभग 100 मीटर डाउनस्ट्रीम में प्लेटफॉर्म तैयार कर टरबाइन पम्प स्थापित किया गया है।
यह पम्प नदी तल से लगभग 12 मीटर ऊंचाई पर स्थित तथा 200 मीटर दूर निर्मित वितरण टंकी तक अधिकतम 17 लीटर प्रति सेकंड की दर से पानी पहुंचाने में सक्षम है। वितरण टंकी से पक्की सिंचाई नहरों और नालियों के माध्यम से खेतों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
इस परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि पम्प के संचालन के लिए किसी बाहरी ऊर्जा स्रोत की आवश्यकता नहीं होती। इससे पारंपरिक ईंधन की खपत और उससे होने वाले कार्बन उत्सर्जन से भी बचाव होगा। यह मॉडल हरित ऊर्जा, जल संरक्षण और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
2.68 करोड़ की लागत से तैयार हुई योजना, 135 किसान परिवारों को लाभ
लगभग 2 करोड़ 68 लाख रुपए की लागत से तैयार इस परियोजना से क्षेत्र के करीब 135 किसान परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके माध्यम से लगभग 80 एकड़ कृषि भूमि में रबी एवं ग्रीष्मकालीन फसलों के लिए सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।
इससे किसानों की वर्षा आधारित खेती पर निर्भरता कम होगी। साथ ही उन्हें अतिरिक्त फसल लेने और कृषि उत्पादन बढ़ाने के अवसर मिलेंगे। सिंचाई की सुविधा मिलने से क्षेत्र के किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी मदद मिलेगी।
दूसरे क्षेत्रों में भी उपयोगी होगा यह मॉडल : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में जल संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए किसानों को वर्षभर खेती के अवसर उपलब्ध कराना सरकार का संकल्प है। पोंगरो की यह पहल बताती है कि आधुनिक तकनीक और स्थानीय संसाधनों के समन्वय से गांवों और खेतों तक विकास पहुंचाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि यह पर्यावरण अनुकूल सिंचाई मॉडल प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी उपयोगी साबित हो सकता है। सरकार किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई का दायरा विस्तृत करने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर श्रीमती कौशल्या साय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।



