रायपुर,7 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में मां और बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। छोटा अशोक नगर स्थित एक किराये के मकान में 52 वर्षीय जय जी देशमुख और उनके 25 वर्षीय बेटे हंसमुख के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों पिछले करीब चार वर्षों से किराये के मकान में रह रहे थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मां-बेटे पिछले तीन से चार दिनों से आसपास के लोगों को दिखाई नहीं दिए थे। कमरे से बदबू आने के बाद घटना का खुलासा हुआ।
जानकारी के अनुसार, मां-बेटे के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने और कमरे से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद गुढ़ियारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे के भीतर दोनों के शव मिलने से पुलिस भी हैरान रह गई।
फर्श पर मिला मां का शव, बिस्तर पर पड़ा था बेटा
पुलिस को कमरे के अंदर महिला का शव फर्श पर, जबकि बेटे का शव बिस्तर पर पड़ा हुआ मिला। दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
मां करती थी ऑनलाइन टीचिंग, बेटा लंबे समय से था बीमार
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जय जी देशमुख ऑनलाइन टीचिंग का काम करती थीं। वहीं उनका बेटा हंसमुख लंबे समय से बीमार था और उसका इलाज चल रहा था। पिछले कुछ दिनों से दोनों के घर से बाहर नहीं निकलने के बावजूद किसी को उनकी स्थिति की जानकारी नहीं हो सकी।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की जानकारी मिलते ही फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं गुढ़ियारी थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
फिलहाल मां-बेटे की मौत की असली वजह सामने नहीं आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।



