रायपुर, 6 नवंबर 2026
दीपावली के त्योहार को देखते हुए छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नगर निगम ने बड़ा फैसला लिया है। 8 नवंबर को दीपावली के दिन शहर में मांस-मटन की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यह प्रतिबंध महावीर निर्वाण दिवस के अवसर पर लागू किया गया है। नगर निगम के आदेश के मुताबिक, इस दिन निगम क्षेत्र की सभी मांस-मटन दुकानें और पशुवध गृह बंद रहेंगे। इतना ही नहीं, होटलों और अन्य प्रतिष्ठानों में भी मांस-मटन की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी।
नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के निर्देशों के पालन में यह निर्णय लिया गया है। आदेश रविवार, 8 नवंबर को रायपुर नगर पालिक निगम के संपूर्ण क्षेत्र में प्रभावी रहेगा। निगम प्रशासन ने मांस-मटन कारोबारियों और प्रतिष्ठान संचालकों को निर्धारित दिन प्रतिबंध का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
मेयर मीनल चौबे ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
महापौर मीनल चौबे ने प्रतिबंध का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए नगर निगम के सभी जोन स्वास्थ्य अधिकारियों और स्वच्छता निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रतिबंधित दिन किसी भी क्षेत्र में मांस-मटन की दुकान न खुले और न ही बिक्री हो।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि प्रतिबंधित दिन किसी होटल, दुकान या अन्य प्रतिष्ठान में मांस-मटन की बिक्री होती पाई गई तो संबंधित सामग्री तत्काल जब्त की जाएगी। इसके साथ ही संबंधित व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की टीमें निर्धारित दिन अलग-अलग क्षेत्रों में निरीक्षण करेंगी।
होटलों और रेस्टोरेंट पर भी लागू रहेगा प्रतिबंध
नगर निगम का यह आदेश केवल मांस-मटन की दुकानों तक सीमित नहीं है। होटलों, रेस्टोरेंट और अन्य प्रतिष्ठानों में भी मांस-मटन की बिक्री पर रोक रहेगी। प्रतिबंध पूरे रायपुर नगर निगम क्षेत्र में लागू होगा। ऐसे में कारोबारियों को पहले से अपनी व्यावसायिक व्यवस्थाएं तय करने के निर्देश दिए गए हैं।
दीपावली को लेकर बाजारों में बढ़ी रौनक
इधर, धनतेरस और दीपावली को लेकर राजधानी रायपुर के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। सराफा, बर्तन, कपड़ा, ऑटोमोबाइल, मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार से जुड़े व्यापारियों को इस बार अच्छी बिक्री की उम्मीद है। त्योहारी ऑफर और आकर्षक योजनाओं के चलते ग्राहक भी खरीदारी में रुचि दिखा रहे हैं।
धनतेरस पर विशेष रूप से सोने-चांदी के आभूषण, नए वाहन, घरेलू उपकरण और बर्तनों की खरीदारी की परंपरा है। इसी के चलते राजधानी के प्रमुख बाजारों में कारोबारी गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
नगर निगम ने नागरिकों और संबंधित कारोबारियों से 8 नवंबर को मांस-मटन बिक्री पर लागू प्रतिबंध का पालन करने की अपील की है। प्रशासन ने साफ किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



