दुर्ग,5 नवम्बर 2026
बच्चों को उनके अधिकारों, संरक्षण एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला एवं सत्र न्यायालय दुर्ग द्वारा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के तत्वावधान में ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के अंतर्गत विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में न्यायाधीशों ने विद्यार्थियों से प्रत्यक्ष संवाद किया। इस दौरान उन्हें बाल संरक्षण संबंधी कानूनों, व्यक्तिगत सुरक्षा, बाल शोषण से बचाव, साइबर अपराधों, ऑनलाइन सुरक्षा एवं निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में ‘मेरा बचपन, मेरा अधिकार’ एवं ‘सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित बचपन’ जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें किसी भी प्रकार की असुरक्षा, शोषण अथवा परेशानी की स्थिति में उचित सहायता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस पहल का उद्देश्य बच्चों को केवल उनके कानूनी अधिकारों से परिचित कराना ही नहीं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना भी है, ताकि प्रत्येक बच्चा भयमुक्त वातावरण में अपने बचपन का आनंद ले सके।



