रायपुर, 3 नवंबर 2026

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-16 में विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। केंद्रीय गृह मंत्री ने पार्क परिसर में पीपल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को चिरस्थायी बनाने और भावी पीढ़ियों तक राष्ट्र निर्माण का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से इस पार्क का निर्माण किया गया है। यह पार्क विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत की परिकल्पना का प्रतीक होने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश भी देगा।

16 एकड़ में विकसित हुआ पार्क, 2500 से अधिक पीपल के पौधे लगाए गए

नवा रायपुर को हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। लगभग 16 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस पार्क में 2,500 से अधिक पीपल और 500 से अधिक स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं।

इस पहल से नवा रायपुर को ‘पीपल सिटी’ के रूप में नई पहचान दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। पार्क शहर की हरियाली बढ़ाने के साथ पर्यावरणीय संतुलन को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

‘People for Peepal’ अभियान से जुड़ेगी जनता

नवा रायपुर को पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने के उद्देश्य से ‘People for Peepal’ अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को पौधों के संरक्षण, संवर्धन और नियमित देखभाल से जोड़ना भी है।

इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी और जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है। भारतीय संस्कृति में पीपल के वृक्ष का विशेष आध्यात्मिक और पर्यावरणीय महत्व है। अभियान के जरिए पीपल के प्रति जनआस्था को प्रकृति संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता से जोड़ा जा रहा है।

भावी पीढ़ियों को देगा विकसित भारत का संदेश

विकसित भारत संकल्प पार्क आधुनिक शहरी विकास और प्रकृति के बीच संतुलन का उदाहरण बनेगा। यह पहल आने वाली पीढ़ियों को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाने के साथ ही विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेगी।

कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, वन मंत्री केदार कश्यप, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts