नेपाल, 3 नवंबर 2026

भारत के पड़ोसी देश नेपाल में मंगलवार सुबह एक बड़ा हेलिकॉप्टर हादसा हुआ। एवरेस्ट क्षेत्र के फेरीचे हेलिपैड पर लैंडिंग के दौरान दो हेलिकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस हादसे में एक भारतीय पर्यटक की मौत हो गई, जबकि न्यूजीलैंड का भारतीय मूल का एक नागरिक घायल हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों हेलिकॉप्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों हेलिकॉप्टरों की टक्कर का दृश्य दिखाई दे रहा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, लैंडिंग के दौरान दोनों हेलिकॉप्टरों के रोटर ब्लेड आपस में टकरा गए थे।

फिस्टेल एयर और डायनेस्टी एयर के हेलिकॉप्टरों की टक्कर

नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के मुताबिक, फिस्टेल एयर और डायनेस्टी एयर के हेलिकॉप्टर फेरीचे हेलिपैड पर उतरते समय आपस में टकराए।

प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेन्द्र भुल ने बताया कि शुरुआती जानकारी में दोनों हेलिकॉप्टरों के पंखे टकराने की बात सामने आई है। हादसे के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

इस दुर्घटना में भारतीय पर्यटक वसंत कुमार बालारामारामाडु की मौत हुई है। वहीं, उनके साथ हेलिकॉप्टर में सवार न्यूजीलैंड के नागरिक शैलेश कृष्ण पटेल घायल हुए हैं। शैलेश भारतीय मूल के न्यूजीलैंड के नागरिक बताए गए हैं।

घायल को काठमांडू के अस्पताल पहुंचाया गया

हादसे के बाद घायल शैलेश कृष्ण पटेल को प्रभु हेलिकॉप्टर की मदद से रेस्क्यू किया गया और काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, मृतक भारतीय पर्यटक का शव लुकला के अस्पताल ले जाया गया।

दोनों हेलिकॉप्टरों के पायलटों को लेकर भी शुरुआती रिपोर्टों में अलग-अलग जानकारी सामने आई है। फिलहाल हादसे में पायलटों को लगी चोटों की स्थिति स्पष्ट नहीं है।

एक ही समय पर लैंडिंग की कोशिश बनी हादसे की वजह?

नेपाली अधिकारियों के मुताबिक, एक हेलिकॉप्टर लुकला से आ रहा था, जबकि दूसरा एवरेस्ट बेस कैंप के पास स्थित गोरक्षेप की ओर से लौट रहा था।

दोनों हेलिकॉप्टर अलग-अलग दिशाओं से एक ही स्थान पर उतरने की कोशिश कर रहे थे। शुरुआती जानकारी में यह भी सामने आया है कि हेलिपैड पर बर्फ जमी होने के कारण लैंडिंग के दौरान स्थिति मुश्किल हुई हो सकती है।

हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक वजह की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण की ओर से मामले की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

हादसे का वीडियो आया सामने

दोनों हेलिकॉप्टरों की टक्कर का वीडियो भी सामने आया है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए घटना ने एवरेस्ट क्षेत्र में हेलिकॉप्टर संचालन और लैंडिंग सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं। दुर्घटना के कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts