रायपुर,1 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रदेशवासियों को भेजे गए शुभकामना संदेश के लिए उनका आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का स्नेह और मार्गदर्शन छत्तीसगढ़ के तीन करोड़ नागरिकों के लिए प्रेरणादायक है। उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ का निर्माण पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदर्शी सोच और संकल्प का परिणाम है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए प्रदेश को विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भागीदार बनाना है।

नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में मिली बड़ी सफलता

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई जारी है। बस्तर में शांति, विश्वास और विकास का वातावरण तैयार हो रहा है। नियद नेल्लानार योजना, प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी योजनाओं के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास पहुंचाया जा रहा है। बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।

किसानों और महिलाओं के सशक्तिकरण पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। इससे लाखों किसानों को आर्थिक संबल मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 68 लाख से अधिक महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इसके अलावा 73 लाख परिवारों को मुफ्त राशन, 22 लाख से अधिक परिवारों को आवास और 41 लाख से अधिक घरों तक नल से जल पहुंचाने की दिशा में काम किया गया है।

स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 2.5 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। वहीं, लगभग 40 लाख परिवारों तक एलपीजी कनेक्शन की सुविधा पहुंची है। सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

रेल, सड़क और हवाई कनेक्टिविटी को मिल रही गति

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए बड़े पैमाने पर कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश में 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं पर काम हो रहा है। वंदे भारत और अमृत भारत जैसी रेल सेवाओं से यातायात सुविधाओं का विस्तार हुआ है। इसके साथ ही सड़क और हवाई कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के प्रयास जारी हैं। प्रदेश में चार हवाई अड्डों के माध्यम से हवाई संपर्क को बढ़ावा मिला है।

छत्तीसगढ़ की संस्कृति और विरासत को मिल रही पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत से है। भगवान श्रीराम का ननिहाल, माता शबरी की भक्ति, गुरु घासीदास का संदेश और पंडवानी की महान परंपरा प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान हैं। तीजन बाई जैसी विभूतियों ने छत्तीसगढ़ की लोककला को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।

शिक्षा, तकनीक और नवाचार में आगे बढ़ रहा प्रदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि नवा रायपुर को आधुनिक तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश में एम्स, आईआईटी, आईआईएम, आईआईआईटी और निफ्ट जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों की मौजूदगी शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। स्थानीय भाषाओं और बोलियों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

विकसित छत्तीसगढ़ से विकसित भारत का संकल्प

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार अंजोर विजन के माध्यम से छत्तीसगढ़ के समग्र विकास का रोडमैप तैयार कर रही है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में छत्तीसगढ़ अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन के लिए आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार जनता के सहयोग से समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts