रायपुर, 24 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज महासमुंद जिले के बसना विकासखंड अंतर्गत गढ़फुलझर में बाबा बिशासहे कुल कोलता समाज द्वारा आयोजित वार्षिक स्नेह सम्मेलन एवं बंधु मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित सर्वमंगल भवन का लोकार्पण किया। साथ ही समाज की मांग पर मंदिर परिसर में 50 लाख रुपये की लागत से भव्य डोम निर्माण कराने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ शासन की योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना और विकास का लाभ बिना किसी भेदभाव के जरूरतमंदों तक पहुंचाना है।
गढ़फुलझर में विकास कार्यों को मिल रही गति
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि वर्ष 2024 में गढ़फुलझर के विकास के लिए किए गए वादे अब धरातल पर साकार हो रहे हैं। सर्वमंगल भवन का निर्माण पूरा होने से सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 48 लाख रुपये की लागत से मानसरोवर तालाब का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। इसके अलावा लगभग पौने दो किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण भी प्रगति पर है, जिस पर करीब 3.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कार्यों से गढ़फुलझर और आसपास के क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा। साथ ही सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
शिक्षा, कृषि और सामाजिक क्षेत्र में कोलता समाज का योगदान
मुख्यमंत्री श्री साय ने कोलता समाज की सराहना करते हुए कहा कि यह समाज मेहनतकश, शिक्षित, समृद्ध और सामाजिक मूल्यों के प्रति समर्पित है। कृषि, शिक्षा, सेवा और सामाजिक क्षेत्र में समाज के लोगों ने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
मोदी की गारंटी के संकल्पों को पूरा कर रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप राज्य सरकार जनकल्याण से जुड़े संकल्पों को प्राथमिकता के साथ पूरा कर रही है।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत गरीब परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1,600 आवासों का निर्माण हो रहा है। वहीं, महतारी वंदन योजना के माध्यम से पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और सेवा सेतु पोर्टल से मिलेगी सुविधा
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत बनाने के लिए तकनीक का प्रभावी उपयोग कर रही है। नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू की गई है।
उन्होंने बताया कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से 36 विभागों की लगभग 700 शासकीय सेवाएं नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के माध्यम से भी विभिन्न सेवाओं और वित्तीय लेन-देन को सरल बनाया जा रहा है।
पर्यटन और सिंचाई परियोजनाओं से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। सरकार पर्यटन स्थलों पर सुविधाओं का विस्तार करने के साथ होमस्टे व्यवस्था को प्रोत्साहित कर रही है, ताकि स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिल सकें।
उन्होंने सिरपुर बैराज और सिकासेर-कोडार लिंक परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किसानों की समृद्धि और कृषि उत्पादन बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
धर्मेंद्र प्रधान ने गढ़फुलझर की धार्मिक महत्ता का किया उल्लेख
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं संबलपुर सांसद श्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि गढ़फुलझर आस्था, आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने मां रामचंडी मंदिर की धार्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के विस्तार से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
रूपकुमारी चौधरी ने विकास कार्यों की सराहना की
महासमुंद सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि गढ़फुलझर श्रद्धा और आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने सिरपुर के यूनेस्को की विश्व धरोहर की संभावित सूची में शामिल होने पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। साथ ही मां रामचंडी मंदिर में सीढ़ियों के लिए शेड निर्माण हेतु सांसद निधि से राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की।
अंचल के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध : डॉ. संपत अग्रवाल
बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि वार्षिक स्नेह सम्मेलन एवं बंधु मिलन सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने वाला आयोजन है। उन्होंने शिक्षा, कृषि, सेवा और सामाजिक क्षेत्र में कोलता समाज के योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री तथा महासमुंद जिले के प्रभारी मंत्री श्री दयाल दास बघेल, रायपुर उत्तर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, कोलता समाज के अध्यक्ष श्री भुवनेश्वर सदावर्ती सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाज के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



