रायपुर, 19 अक्टूबर 2026

छत्तीसगढ़ के रेल इतिहास में 20 अक्टूबर का दिन ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज होने जा रहा है। आजादी के बाद पहली बार रावघाट तक रेल पहुँचेगी, जिससे बस्तर अंचल में विकास, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में ताड़ोकी-रावघाट एवं अभनपुर-कुरूद ब्रॉडगेज रेल लाइन का उद्घाटन किया जाएगा। इस अवसर पर रावघाट-रायपुर और रायपुर-कुरूद नई यात्री रेल सेवाओं का शुभारंभ भी होगा। साथ ही रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी का शिलान्यास किया जाएगा। केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि रावघाट तक रेल पहुँचना केवल रेल नेटवर्क का विस्तार नहीं, बल्कि बस्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों को विकास की नई संभावनाओं से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण कदम है। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, व्यापार और आवागमन की सुविधाओं का विस्तार होगा तथा क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रेल अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। डबल इंजन सरकार का संकल्प है कि प्रदेश के दूरस्थ और जनजातीय अंचलों तक आधुनिक परिवहन सुविधाएँ पहुँचें और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित हो।

रावघाट तक रेल पहुँचने से बस्तर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार

दल्लीराझरा से रावघाट के बीच लगभग 1,628 करोड़ रुपये की लागत से 95 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन का निर्माण किया गया है। ताड़ोकी से रावघाट के बीच 17.5 किलोमीटर रेल लाइन का निर्माण पूरा होने के साथ ही यह महत्वपूर्ण परियोजना पूर्ण हो गई है।

रावघाट तक रेल संपर्क स्थापित होने से क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार से जुड़े अवसरों तक पहुँच आसान होगी। साथ ही औद्योगिक एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है।

रावघाट क्षेत्र के लौह अयस्क के परिवहन और भिलाई इस्पात संयंत्र सहित देश के इस्पात उद्योग की आवश्यकताओं को देखते हुए भी यह रेल संपर्क महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बेहतर रेल कनेक्टिविटी से माल परिवहन को सुविधाजनक बनाने और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन देने में मदद मिलेगी।

अभनपुर-कुरूद ब्रॉडगेज लाइन से रायपुर तक आवागमन होगा आसान

अभनपुर-धमतरी गेज परिवर्तन परियोजना के अंतर्गत अभनपुर से कुरूद के बीच 22 किलोमीटर रेल लाइन का गेज परिवर्तन कार्य पूरा हो चुका है। इस रेल लाइन के उद्घाटन से क्षेत्र में रेल संपर्क का विस्तार होगा और यात्रियों को राजधानी रायपुर तक आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। परियोजना के शेष कुरूद-धमतरी सेक्शन में कार्य जारी है।

रावघाट-रायपुर और रायपुर-कुरूद नई यात्री रेल सेवाओं के शुरू होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, किसानों, व्यापारियों और आम यात्रियों को सीधी रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा। इससे शिक्षा, चिकित्सा, व्यापार, कृषि और पर्यटन से संबंधित गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

नई यात्री रेल सेवाएँ क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने के साथ ही लोगों के समय और आवागमन की सुविधा के लिहाज से भी महत्वपूर्ण साबित हो सकती हैं।

रायपुर में विकसित होगी आधुनिक इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस सुविधा

रेल अधोसंरचना के विस्तार के क्रम में रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी का भी शिलान्यास किया जाएगा। इस आधुनिक सुविधा के विकसित होने पर भविष्य में 300 हाई हॉर्सपावर इलेक्ट्रिक रेल इंजनों के रखरखाव की क्षमता विकसित होगी।

इस सुविधा से रेल परिचालन को अधिक सुचारु बनाने और बढ़ती माल परिवहन आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायता मिलेगी। आधुनिक रखरखाव व्यवस्था से रेल नेटवर्क की परिचालन क्षमता को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा।

छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा को मिलेगी नई गति

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि नई रेल लाइनें, यात्री रेल सेवाएँ और आधुनिक रेल अधोसंरचना छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा को नई गति प्रदान करेंगी। दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों को बेहतर परिवहन सुविधाओं से जोड़ना राज्य के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण है।

रावघाट तक रेल की सीटी केवल एक नई यात्रा की शुरुआत नहीं, बल्कि बस्तर में विकास, विश्वास, रोजगार और नई संभावनाओं के नए दौर का प्रतीक है। इन परियोजनाओं से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ ही छत्तीसगढ़ के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts