रायपुर, 17 अक्टूबर 2026

छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने नवरात्रि के पावन अवसर पर कबीरधाम जिले के ग्राम सारंगपुर कला, कारेसरा और मड़मड़ा में कुल 1 करोड़ 55 लाख 67 हजार रुपये की लागत से बनने वाले गौरव पथ निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम सारंगपुर कला में 5.20 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण की घोषणा भी की।

इन निर्माण कार्यों से तीनों गांवों में सड़क सुविधाएं बेहतर होने और ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

तीन गांवों में अलग-अलग लागत से बनेगा गौरव पथ

गौरव पथ निर्माण के तहत ग्राम सारंगपुर कला में 47.85 लाख रुपये, कारेसरा में 59.63 लाख रुपये और मड़मड़ा में 48.19 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इन विकास कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी और लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी।

सड़क निर्माण में गुणवत्ता से समझौता नहीं

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौरव पथ निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और टिकाऊपन का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि सड़कें ऐसी बननी चाहिए, जो लंबे समय तक चलें और ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा दें। निर्माण कार्यों में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने ग्राम बंदौरा की सड़क का उदाहरण देते हुए बताया कि खराब सड़क की शिकायत मिलने पर उन्होंने तत्काल उसे उखाड़कर दोबारा बनाने के निर्देश दिए थे। अगले ही दिन सड़क उखाड़ने की कार्रवाई शुरू हो गई।

उन्होंने कहा कि गांव की सड़कों का उपयोग ग्रामीण ही करते हैं। इसलिए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखना और किसी भी कमी की जानकारी संबंधित अधिकारियों को देना स्थानीय लोगों की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

ग्रामीणों के बीच बैठकर सुनीं समस्याएं

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर सीधा संवाद किया। उन्होंने लोगों की समस्याएं और मांगें सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके निराकरण के लिए त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इस दौरान उन्होंने ग्राम सारंगपुर कला में 5.20 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण की घोषणा की। उन्होंने ग्रामीणों की जरूरतों को समझते हुए समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि नई सरकार के गठन के बाद प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 12 लाख से अधिक आवासों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। पात्र परिवारों को आवास का लाभ दिलाने के लिए सर्वे सूची के अनुसार आगे की प्रक्रिया जारी रहेगी।

बस्तर में विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण पर जोर

उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने बस्तर के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान चलाया गया, जिसमें सफलता मिली है।

बस्तर में पेड़ों की कटाई और बड़ी खनन परियोजनाओं को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के संबंध में उन्होंने कहा कि इन विषयों पर लोगों के बीच भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति देखने की अपील की। साथ ही जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर दिया।

जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहे उपस्थित

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत सदस्य मनीराम साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशीराम धुर्वे, जनपद अध्यक्ष रामकिंकर वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts