रायपुर,9 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची में नाम जोड़ने और छूटे हुए पात्र नागरिकों का सत्यापन करने के लिए एक महीने का विशेष अभियान शुरू किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान की जानकारी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान राज्य में करीब 24,99,823 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। अब इन नामों का दोबारा सत्यापन किया जाएगा और पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का अवसर दिया जाएगा। अभियान में पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के पंजीकरण पर भी विशेष जोर रहेगा।
घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे BLO
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के अनुसार, SIR के दौरान हटाए गए नामों में लगभग 6.42 लाख मृत मतदाता और 19,13,540 अनुपस्थित या स्थानांतरित मतदाता शामिल हैं। वहीं, मतदाता सूची में 2,35,994 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं।
विशेष अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। वे पात्रता के अनुसार छूटे हुए नाम जोड़ने की प्रक्रिया में नागरिकों की सहायता करेंगे। BLO को फॉर्म-6 के आवेदन प्राप्त करने और क्षेत्र सत्यापन रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मतदान केंद्रों और शिक्षण संस्थानों में लगेंगे शिविर
अभियान के दौरान प्रत्येक सप्ताह बुधवार और गुरुवार को मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। वहीं, शुक्रवार और शनिवार को स्कूल-कॉलेजों में मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया जाएगा।
इसके अलावा ITI, हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी और उच्च शिक्षण संस्थानों में भी शिविर आयोजित किए जाएंगे। संस्थानों के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से युवाओं को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मतदाता सूची राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (BLA) के साथ साझा करेंगे, ताकि प्रक्रिया में आवश्यक समन्वय सुनिश्चित किया जा सके।
ऐसे जुड़वाएं मतदाता सूची में अपना नाम
पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं।
- ऑनलाइन: ECINET मोबाइल ऐप या आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in के माध्यम से आवेदन करें।
- ऑफलाइन: संबंधित मतदान केंद्र के बूथ लेवल अधिकारी के पास फॉर्म-6 जमा करें।
- सहायता: ECINET ऐप पर ‘Book a Call with BLO’ सुविधा का उपयोग करें या हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क करें।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने सभी पात्र नागरिकों से अभियान का लाभ उठाने और मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित करने की अपील की।



