गरियाबंद,22 सितम्बर 2026
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से पत्नी की हत्या का मामला सामने आया है। चरित्र पर संदेह को लेकर हुए विवाद के बाद पति ने अपनी पत्नी की बेल्ट से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला शोभा थाना क्षेत्र के जरहीडीह गांव का है। जानकारी के मुताबिक, जरहीडीह निवासी राम कुमार का बीती रात अपनी पत्नी मोनिका (32 वर्ष) से चरित्र शंका को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर राम कुमार ने कथित तौर पर बेल्ट से मोनिका के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि पिटाई इतनी गंभीर थी कि मोनिका की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही शोभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी पति राम कुमार को हिरासत में लिया है। पुलिस घटना के पीछे की परिस्थितियों और पूरे मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



