शाला प्रबंधन समिति और पालक-शिक्षक समिति की बैठक में बच्चों की नियमित उपस्थिति पर करें चर्चा, अनुपस्थित शिक्षकों पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई

जगदलपुर, 21 सितम्बर 2026/ कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह ने स्कूल शिक्षा विभाग की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक में ड्रॉप आउट बच्चों को पुनः स्कूल से जोड़ने के लिए सकारात्मक एवं प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों के माता-पिता एवं अभिभावकों को समझाइश देने के साथ ही शाला प्रबंधन समिति का सहयोग लिया जाए, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
कमिश्नर ने स्कूलों में बच्चों की नियमित एवं शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की नियमित उपस्थिति के लिए शाला प्रबंधन समिति एवं पालक-शिक्षक समिति की बैठकों में इस विषय पर चर्चा कर व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने शिक्षकों की नियमित उपस्थिति पर विशेष जोर देते हुए स्कूलों का सघन निरीक्षण करने तथा अनुपस्थित पाए जाने वाले शिक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को सहायक उपकरण दिलाने पर जोर

कमिश्नर श्री सिंह ने स्कूलों में अध्ययनरत विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को आगामी दिनों में जगदलपुर एवं दंतेवाड़ा में आयोजित होने वाले दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण प्रदाय शिविर से लाभान्वित करने पर जोर दिया। उन्होंने ऐसे बच्चों का चिन्हांकन कर समाज कल्याण विभाग के माध्यम से प्रस्ताव भेजने के निर्देश अधिकारियों को दिए, ताकि पात्र बच्चों को शिविर के माध्यम से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

योजनाओं का शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने के निर्देश

कमिश्नर ने निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों के वितरण के साथ ही लक्षित बच्चों को निःशुल्क गणवेश एवं सरस्वती सायकल योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के तहत इस माह के अंत तक शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने स्कूलों में अध्ययनरत लक्षित बच्चों के जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनवाने के लिए प्रत्येक स्कूल में सर्वे कराने और कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र सभी बच्चों को जाति एवं निवास प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के लिए अभियान चलाकर कार्यवाही की जाए और योजनाओं का शत-प्रतिशत सेचुरेशन सुनिश्चित किया जाए।

न्यौता भोज में जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर

कमिश्नर ने स्कूलों में न्यौता भोज के आयोजन में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन्मदिवस अथवा अन्य विशेष अवसरों पर आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों-कर्मचारियों को स्कूलों में न्यौता भोज आयोजित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। साथ ही जनसहयोग से स्कूलों में स्मार्ट क्लास सहित अन्य आवश्यक सामग्री की व्यवस्था करने की दिशा में भी व्यापक प्रयास किए जाएं।

स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष पहल

कमिश्नर श्री सिंह ने विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन के अंतर्गत स्कूलों में शौचालय एवं अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए विशेष पहल करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों में विद्युत सुविधा एवं रनिंग वाटर की व्यवस्था सहित आवश्यक अधोसंरचना उपलब्ध कराने के लिए विभागीय स्तर पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने कहा।

सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित पेंशन प्रकरणों का संवेदनशीलता से करें निराकरण

कमिश्नर ने स्कूल शिक्षा विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित पेंशन प्रकरणों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर कोष-लेखा एवं पेंशन कार्यालय से आवश्यक समन्वय स्थापित करने कहा, ताकि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समय पर उनके पेंशन संबंधी लाभ प्राप्त हो सकें।
बैठक में संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा श्री एचआर सोम सहित सभी जिलों के जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला मिशन समन्वयक तथा बस्तर जिले के बीईओ एवं बीआरसी उपस्थित थे। वहीं संभाग के अन्य जिलों के बीईओ एवं बीआरसी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts