रायपुर, 19 सितंबर 2026

छत्तीसगढ़ के शहरों को स्वच्छ, सुंदर, हरित और नागरिक सुविधाओं से परिपूर्ण बनाने की दिशा में राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। मिशन अमृत 2.0 के तहत अहिवारा, मुंगेली और कांकेर नगर पालिका क्षेत्रों में आधुनिक उद्यान विकसित किए जाएंगे। तीनों उद्यानों के निर्माण के लिए कुल 7 करोड़ 29 लाख 24 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में नागरिकों को बेहतर और सुविधायुक्त जीवन उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। शहरों में ऐसे सार्वजनिक स्थलों का विकास किया जा रहा है, जहां हरियाली और स्वच्छ वातावरण के साथ बच्चों को खेलने तथा युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों को व्यायाम, पैदल भ्रमण और विश्राम की बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

मुख्यमंत्री श्री साय के मार्गदर्शन और उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव के निर्देशन में इन उद्यानों का निर्माण एक वर्ष के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। तीनों उद्यानों में कुल 8,732 पौधे लगाए जाएंगे।

उद्यानों में बच्चों के लिए प्ले-एरिया एवं खेल उपकरण, नागरिकों के लिए ओपन जिम, पैदल भ्रमण के लिए पाथवे, बैठने एवं विश्राम की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, टॉयलेट ब्लॉक और गज़ेबो जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही वर्षा जल संचयन की व्यवस्था भी की जाएगी।

अहिवारा में 2.07 करोड़ रुपए से विकसित होगा उद्यान

अहिवारा नगर पालिका के वार्ड क्रमांक-01 स्थित शीतला मंदिर क्षेत्र में 0.52 एकड़ भूमि पर आधुनिक उद्यान विकसित किया जाएगा। इसके लिए 2 करोड़ 7 लाख 48 हजार रुपए की स्वीकृति दी गई है। उद्यान परिसर में करीब 2,115 पौधे लगाए जाएंगे।

यहां सोलर लाइट, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, ओपन जिम, बैठने एवं विश्राम की सुविधा, पाथवे, टॉयलेट ब्लॉक, गज़ेबो और रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था होगी।

मुंगेली में 3.52 करोड़ रुपए से बनेगा हरित परिसर

मुंगेली नगर पालिका के पेंड्राकांपा स्थित महाराणा प्रताप वार्ड में 3.08 एकड़ क्षेत्र में उद्यान विकसित किया जाएगा। इसके लिए 3 करोड़ 52 लाख 32 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं। क्षेत्रफल की दृष्टि से यह तीनों परियोजनाओं में सबसे बड़ा उद्यान होगा।

यहां करीब 4,453 पौधों का रोपण किया जाएगा। बच्चों के लिए प्ले-एरिया एवं खेल उपकरण, नागरिकों के लिए ओपन जिम और बैठने की सुविधा, पाथवे, टॉयलेट ब्लॉक, गज़ेबो, प्रकाश व्यवस्था तथा रेन वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर बनाया जाएगा।

कांकेर में 1.69 करोड़ रुपए से बनेगा आधुनिक उद्यान

कांकेर नगर पालिका के वार्ड क्रमांक-09 श्रीराम नगर में 0.72 एकड़ भूमि पर उद्यान विकसित किया जाएगा। इसके निर्माण के लिए 1 करोड़ 69 लाख 44 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।

यहां करीब 2,164 पौधे लगाए जाएंगे। उद्यान में बच्चों के लिए प्ले-इक्विपमेंट, नागरिकों के बैठने एवं विश्राम की व्यवस्था, ओपन जिम और पाथवे के साथ सोलर लाइट, टॉयलेट ब्लॉक, गज़ेबो और रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की सुविधा होगी।

पांच वर्षों तक चयनित एजेंसी करेगी संचालन और संधारण

निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इन उद्यानों का पांच वर्षों तक संचालन एवं संधारण चयनित एजेंसी द्वारा किया जाएगा। इससे उद्यानों में विकसित हरियाली, अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं का नियमित रख-रखाव सुनिश्चित होगा।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरकार का जोर केवल अधोसंरचना तैयार करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उसका लंबे समय तक बेहतर रख-रखाव सुनिश्चित करने पर भी है। मिशन अमृत 2.0 के तहत विकसित इन उद्यानों से शहरों में हरित क्षेत्र बढ़ने के साथ नागरिकों को मनोरंजन, व्यायाम और विश्राम के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होंगे।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बताया कि इन परियोजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप निर्माण कार्य समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts