धमतरी,18 सितम्बर 2026

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिला अस्पताल में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां नॉर्मल डिलीवरी से 5 किलोग्राम वजनी बच्ची का जन्म हुआ है। राहत की बात यह है कि प्रसव के बाद मां और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।

जानकारी के मुताबिक, गुरूर क्षेत्र के सरबदा निवासी रामेश्वर साहू की पत्नी मनीषा साहू (25) की डिलीवरी डेट निकल चुकी थी, लेकिन प्रसव पीड़ा शुरू नहीं हुई थी। इसके बाद उन्हें 15 सितंबर को धमतरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सोनोग्राफी में 3.5 किलो था वजन

परिजनों के अनुसार, 1 सितंबर को हुई सोनोग्राफी में बच्ची का वजन करीब 3.5 किलोग्राम बताया गया था। करीब 15 दिन बाद बच्ची का वजन बढ़कर 5 किलोग्राम हो गया।

16 सितंबर को हुआ नॉर्मल प्रसव

मनीषा साहू की 16 सितंबर को दोपहर 1 बजकर 1 मिनट पर नॉर्मल डिलीवरी हुई। उन्होंने 5 किलो वजनी बच्ची को जन्म दिया। यह मनीषा की दूसरी बेटी है।

मां और बच्ची दोनों स्वस्थ

स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रागिनी ठाकुर ने बताया कि डिलीवरी पूरी तरह सामान्य तरीके से हुई है। फिलहाल मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं। जिला अस्पताल के इतिहास में इतने अधिक वजन वाली बच्ची की नॉर्मल डिलीवरी का यह दूसरा मामला बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts