रायपुर, 17 सितंबर 2026
चीन के मोकी शहर में आयोजित जूनियर महिला हॉकी एशिया कप में छत्तीसगढ़ की गीता यादव और मधु सिदार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। दोनों खिलाड़ी बिलासपुर के राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र बहतराई की आवासीय हॉकी अकादमी में प्रशिक्षण ले रही हैं।
पूरे टूर्नामेंट में दोनों खिलाड़ियों ने प्रभावी खेल दिखाया और चार-चार गोल दागे। उनके प्रदर्शन से बिलासपुर की आवासीय हॉकी अकादमी के साथ ही छत्तीसगढ़ का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।
टूर्नामेंट में दक्षिण कोरिया के खिलाफ मुकाबले में मधु सिदार ने एक गोल कर भारत की जीत में योगदान दिया। इसके बाद मलेशिया के खिलाफ भारत ने 11-1 से शानदार जीत दर्ज की, जिसमें गीता यादव ने दो गोल दागे।
वहीं, भारत-पाकिस्तान मुकाबले में भी दोनों खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन जारी रहा। भारत ने पाकिस्तान को 19-0 से शिकस्त दी। इस मुकाबले में गीता यादव और मधु सिदार ने दो-दो गोल कर भारतीय आक्रमण को मजबूती दी। प्रतियोगिता में दोनों खिलाड़ियों ने चार-चार गोल किए।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने दोनों खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनके शानदार प्रदर्शन पर बधाई दी और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि गीता यादव और मधु सिदार ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने खेल कौशल से छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं और विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही।
इस अवसर पर बिलासपुर आवासीय हॉकी अकादमी के वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो, खेलो इंडिया एक्सीलेंस सेंटर बिलासपुर के हाई परफॉर्मेंस मैनेजर कुलदीप बरार तथा बिलासपुर के खेल अधिकारी सुशील भी मौजूद रहे।



