धमतरी,17 सितम्बर 2026

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में जंगल की ओर जा रहे दो युवकों पर अचानक चार भालुओं ने हमला कर दिया। हमले के दौरान एक युवक किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा, जबकि दूसरा युवक भालुओं के हमले में घायल हो गया।

जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के अरसीकन्हार रेंज के तुमडीबहार इलाके में जंगल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक चार भालुओं ने दोनों पर हमला कर दिया। हमले से दोनों युवकों में अफरा-तफरी मच गई।

एक युवक किसी तरह वहां से भाग निकला और अपनी जान बचाई। वहीं दूसरे युवक पर भालुओं ने हमला कर दिया। युवक ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया और मदद के लिए चीख-पुकार की। उसकी आवाज सुनकर भालू जंगल की ओर भाग गए।

घायल युवक का अस्पताल में इलाज

भालुओं के हमले में घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरी लाया गया, जहां उसका इलाज किया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जंगल क्षेत्र में लगातार वन्यजीवों की मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। वन क्षेत्र में जाने वाले लोगों को सतर्क रहने और वन्यजीवों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts